स्ट्रीट वेंडर्स योजना में 270 लाभार्थी का ऋण स्वीकृत

उदय भूमि ब्यूरो
हापुड़। जनपद की समस्त नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में मा0 प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कराया गया तथा इस योजना के अन्तर्गत प्रधानमंत्री के संदेश को भारी संख्या में लाभार्थियों ने नगर पालिका एवं नगर पंचायतों में उपस्थित होकर सुना। इसके उपरांत  विधायक हापुड़ ने लाभार्थियों से कहा कि इस योजना में स्ट्रीट वेन्डर्स को बिना किसी गारन्टी के 10 हजार रूपये प्रदान किए जाते है। इसके पीछे सरकार की मंशा यह है कि स्ट्रीट वेन्डर्स अपनी दुकानों को बिना किसी बाधा के संचालित कर सके। यह योजना कैशवैक सुविधा के माध्यम से  विक्रेताओं के लिए डिजीटल लेनदेने को प्रोत्साहित करती है। उन्होंने कहा कि 10 हजार रूपये लाभार्थी स्ट्रीट वेन्डर्स अपने कार्य को आगे बढ़ाने के लिए लगाएं। इसके बाद विधायक हापुड़, नगर पालिका परिषद हापुड़ चेयरमैन एवं अपर जिलाधिकारी के द्वारा 15 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस योजना में वर्ष 2020-21 के लिए जनपद हापुड़ का 1373 लक्ष्य निर्धारित किया गया है जिसके सापेक्ष 1917 पथ विक्रेताओं को चिन्हित करते हुए ऋण प्रमाण पत्र वितरित किए जा चुके है। अब तक 270 लाभार्थियों का ऋण स्वीकृत हो चुका है। नगर पालिका परिषद हापुड़ चेयरमैन  प्रफुल्ल सारस्वत ने लाभार्थियों को जानकारी देते हुए बताया कि मेरठ मंडल में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को लाभ देने में जनपद हापुड़ को प्रथम स्थान एवं प्रदेश स्तर पर पांचवा स्थान प्राप्त हुआ है। बैंकों द्वारा 270 आवेदन पत्रों को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है। कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी जयनाथ यादव उप जिलाधिकारी/ अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद हापुड सत्यप्रकाश, परियोजना अधिकारी डूडा योगराज सिंह गौतम, सभासद गण सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।