35 घंटे का लॉकडाउन शुरू, शादी समारोह और श्रमिकों को आने-जाने में मिलेगी छूट

गाजियाबाद। यूपी में बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते जिले में शनिवार से 35 घंटे का लॉकडाउन शुरू हो गया है। हालांकि,इस लॉकडाउन में भी प्रदेश सरकार ने कई तरह की छूट दिए जाने के निर्देश दिए हैं। इस साप्ताहिक लॉकडाउन के दौरान शादी समारोह और श्रमिकों को अपने-अपने कार्यस्थलों पर जाने की छूट दी जाएगी। शनिवार रात आठ बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक लॉकडाउन जारी रहेगा। यह लॉकडाउन साप्ताहिक रहेगा जो शनिवार से शुरू होकर सोमवार सुबह 7 बजे खत्म होगा। इस लॉकडाउन में सीएम ने कई तरह की छूट दिए जाने के निर्देश दिए हैं जिसमें शनिवार-रविवार को होने वाली शादियों पर रोक नहीं होगी लेकिन शादी समारोह के दौरान बंद हॉल में 50 लोग और खुले स्थानों पर 100 व्यक्ति तक मौजूद रहेेंगे। लेकिन इसके साथ ही समारोह में सभी के लिए मास्क, सामाजिक दूरी, सेनेटाइजऱ का प्रयोग अनिवार्य होगा। इन समारोह में एसओपी का अनुपालन सख्ती से किया जाएगा। श्रमिकों को उनके कार्यस्थलों पर आवाजाही की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा में शामिल होने के लिए परीक्षार्थियों और उम्मीदवारों को लॉकडाउन में जाने की छूट रहेगी लेकिन इसके लिए परीक्षार्थियों का आईकार्ड पास के तौर पर मान्य होगा और उसे दिखाने के बाद ही छूट मिलेगी। सार्वजनिक परिवहन को विशेष रूप से राज्य परिवहन की बसों को 50 फीसदी क्षमता के साथ चलाने की अनुमति दी जाएगी। अंतिम संस्कार के लिए 20 से अधिक लोगों को शामिल होने की अनुमति नहीं होगी। इस दौरान आवश्यक सेवाओं से जुड़ी कंपनियों के कर्मचारियों को आवागमन में छूट दी जाएगी।