गड़बड़-घोटाला करने पर 4 जन-सुविधा केंद्र सील

प्रशासनिक कार्रवाई से केंद्र संचालकों में हड़कंप

गाजियाबाद। शहर में 4 जन-सुविधा केंद्रों को सील कर दिया गया है। फर्जी दस्तावेजों पर आय एवं मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने और आवेदकों से 200 से 500 रुपए वसूलने पर यह कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से केंद्र संचालकों में एकाएक हड़कंप मच गया है। सील किए गए चारों जन-सुविधा केंद्र विजय नगर क्षेत्र में संचालित थे।

जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीएम (सदर) देवेंद्र पाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने विजय नगर क्षेत्र में जन सुविधा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान फर्जी दस्तावेज पर आय प्रमाण पत्र और मूल निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने एवं आवेदकों से तय शुल्क से ज्यादा वसूली करने पर 4 जन सुविधा केंद्र को सील किया गया। एसडीएम ने बताया कि मोहम्मद सलमान अली स्टांप विक्रेता जनसुविधा केंद्र सेक्टर-11 प्रताप विहार, क्रिश्चिय नगर बागू में 2 जनसेवा केंद्र, आर्या इंटरप्राइजेज बागू को सील किया गया। औचक निरीक्षण में पता चला कि आवेदकों से जन सुविधा केंद्र संचालक 200 से 500 रुपए तक की वसूली कर रहे थे।

शासन से प्रति प्रमाण पत्र के आवेदन के लिए 20 रुपए शुल्क तय हैं, मगर इन केंद्रों पर उससे अधिक वसूली हो रही थी। एसडीएम सदर ने बताया कि आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने वालों से ज्यादा शुल्क वसूलने वाले जन सुविधा केंद्रों का औचक निरीक्षण आगे भी किया जाएगा। यदि इस तरह के मामले प्रकाश में आए तो जन सुविधाएं केंद्र को सील करने की कार्रवाई की जाएगी। डीएम के निर्देश पर प्रशासन की टीम के एक सदस्य को जन सुविधा केंद्र पर भेजा गया। जब वहां पर केंद्र संचालक ने तय शुल्क से ज्यादा की मांग की तो टीम के सदस्य ने सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। उन्होंने मौके पर पहुंच कर जन सुविधा केंद्र को सील कर दिया।