भाजपा-रालोद प्रत्याशी अतुल गर्ग, बसपा-नंदकिशोर समेत 5 ने दाखिल किए नामांकन पत्र

गाजियाबाद। लोकसभा सीट के लिए जारी नामांकन प्रक्रिया के तहत बुधवार को भी कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस फोर्स की कड़ी सुरक्षा के बीच प्रत्याशियों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। भाजपा-रालोद प्रत्याशी अतुल गर्ग, बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर समेत 5 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। बुधवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे भाजपा-रालोद के संयुक्त प्रत्याशी अतुल गर्ग कलेक्ट्रेट परिसर में नामांकन दाखिल करने के लिए पहुंचे। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के कोर्ट कक्ष संख्या-102 में उनके समक्ष भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग ने प्रस्तावक के रूप में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, विधायक धर्मेश तोमर के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अतुल गर्ग के नामांकन पत्र दाखिल किए जाने के चलते उन्हें शपथ पत्र पढ़कर सुुनाया।
अतुल गर्ग ने भी उनके साथ शपथ पत्र पढ़ा। इसके बाद बसपा प्रत्याशी नंदकिशोर पुंडीर ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

उनके तीन प्रस्तावकों की मौजूदगी में उन्होंने अपना नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह के समक्ष दाखिल किया। इनके अलावा राष्ट्रीय जन कर्मठ पार्टी से अंशुल गुप्ता, भारतीय जनता दल से धर्मेंद्र कुमार, निर्दलीय मिथुन जायसवाल ने पुलिस की चेकिंग के बाद अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। बुधवार को 6 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदेें। इनमें आशीष कुमार, शूटर शमशेर राणा, हरीश चंद्रपाल, अमन कुमार, शमशेर अली, अखिलेश ने नामांकन पत्र खरीदे। जिला निर्वाचन अधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को भाजपा और बसपा प्रत्याशी समेत 5 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। गुरुवार यानी कि आज नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है। शाम तीन बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच एवं नाम वापसी की तारीख निर्धारित है।