अवैध खान में इस्तेमाल 6 डंफर सीज

गाजियाबाद। खनन माफिया के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के निर्देश पर अवैध खनन में इस्तेमाल 6 डंफर को सीज कर दिया गया। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने देर रात पुलिस टीम के साथ यह कार्रवाई की। एसडीएम ने बताया कि मधुबन-बापूधाम थाना क्षेत्र अंतर्गत मधुबन-बापूधाम रेलवे क्रॉसिंग के पास दिल्ली-मेरठ हाइवे की ओर से आते डंफरों की चेकिंग की गई। चेकिंग में इनके पास कोई बिल्टी नहीं मिली। डंफरों के आगे और पीछे नंबर प्लेट पर काला तेल डालकर अंकित नंबर भी फर्जी पाए गए। एसडीएम ने बताया कि सीज किए गए इन डंफरों में 3 में गिट्टी और 3 में मिट्टी भरकर ले जाई जा रही थी। मधुबन-बापूधाम थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार खारी की मौजूदगी में सभी 6 डंफरों को सीज करने के बाद थाने में खड़ा कराया गया। एसडीएम ने बताया कि सभी 6 डंफरों के मालिक पर 50-50 हजार रुपए का जुर्माना कर 3 लाख रुपए जुर्माना लगाया गया। जिला खनन अधिकारी को इन पर जुर्माना लगाकर वसूलने और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं, आरटीओ को डंफरों की नंबर प्लेट पर अंकित नंबरों को मिटाने की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।