63.43 करोड़ से बदलेगी जर्जर स्वास्थ्य केंद्रों की सूरत: जिलाधिकारी

-डीएम ने ली 15वें वित्त आयोग की बैठक, स्वास्थ्य सेवाएं पहले से होगी बेहतर

गाजियाबाद। जनपद में जर्जर बिल्डिंगों में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों की दशा सुधारने एवं स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा अब करोड़ों रुपए के विकास कार्य कराए जाएंगे। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15वें वित्त आयोग के फंड से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों का जीर्णोंद्वार के रने के साथ 63 करोड़ 43 लाख 45 हजार रुपए की धनराशि से इनका निर्माण कराया जाएगा।
मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 15वें वित्त आयोग के फंड से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बिल्डिंग का सौंदर्यीकरण एवं निर्माण के लिए 63 करोड़ 43 लाख 45 हजार रूपए के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बैठक में कहा कि जिले में किराए की बिल्डिंग में संचालित ग्रामीण स्वास्थ्य उप केंद्र के लिए नए स्वास्थ्य सेंटर का निर्माण किया जाएगा। स्वास्थ्य अधिकारियों को संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर सख्त निर्देश दिए। साथ ही एंटी लार्वा का स्प्रे करने और बुखार के मरीजों की मॉनीटिरिंग करने के निर्देश दिए हैं। बुखार के मरीजों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाएं। साथ ही डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाए, जिससे मरीजों को चिन्हित कर समय पर उसका इलाज हो सकें। स्वास्थ्य केंद्रों की जर्जर बिल्डिंग की जगह नई बिल्डिंग का निर्माण, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोदीनगर में ब्लॉक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर चचा की गई। इसके अलावा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में लैब के लिए मशीन खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। शहरी क्षेत्र में 15 से 20 हजार की आबादी पर शहरी एचडब्ल्यूसी का निर्माण करने के अलावा 4 से 5 शहरी क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पॉलीक्लिनिक विशेषक सेवाएं प्रदान करवाने के लिए सुविधाओं के प्रस्ताव को अनुमादित किया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के सीएचसी एवं पीएचसी केेंद्रों के भवनों के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण आदि कार्यों के प्रस्ताव को स्वीकृत किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि इन कार्यों के लिए 63 करोड़ 43 लाख 45 हजार रूपए के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। उन्होंने बताया कि प्रस्ताव को मंजूरी देने के बाद इन्हें स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर सीडीओ अस्मिता लाल, सीएमओ डॉ. भवतोष शंखधर, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.विश्राम सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, कोविड के नोडल अधिकारी डॉ. आरके गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी संतोष कुमार सिंह, खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका की चेयरमैन रीना भाटी, मोदीनगर नगर पालिका के चेयमरैन एसके माहेश्वरी, ब्लॉक प्रमुख विकास खंड भोजपुर, अधिशासी अधिकारी आदि अधिकारी मौजूद रहे।