विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में 743 लाभार्थियों को मिला लाभ

  • विकसित राष्ट्र बनाने का सपना विजन के रूप में पूरा कर रहे प्रधानमंत्री: कैप्टन विकास गुप्ता

गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने का सपना देखा है। एक विकासशील राष्ट्र को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए क्या-क्या आवश्यकताएं होती है, इसको एक विजन के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरा कर रहे है। देश जब अपनी आजादी का 100 वीं वर्षगांठ मनायेगी तो विकसित राष्ट्र के रूप में खड़ा होगा। हमारी सरकार परिवार के सदस्य की तरह आपकी चिंता कम करने का प्रयास कर रही है। 2047 में देश विकसित होकर रहेगा, इस विचार को लेकर चलना है। इस वातावरण को बनाने में यह संकल्प बहुत काम आयेगा। आप सभी विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाएं। उक्त बातें शुक्रवार को नगर निगम द्वारा मोहन नगर जोन में आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता ने कहीं। उन्होंने कहा विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी अपनी अहम भूमिका निभा रहे है। पूर्व में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पात्र लोगों को अधिक से अधिक योजना का लाभ मिलें, यहींं सरकार की मंशा है, जिसे धरातल पर उतारने का काम नगर निगम की टीम कर रही है। मोहन नगर जोन के 743 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला। उपस्थित जनों को आत्मनिर्भर भारत की शपथ दिलाई। भोपुरा एवं पसौंडा क्षेत्र में विकसित भारत संकल्प यात्रा की वैन पहुंची। भव्य रूप से कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कार्यक्रम को दो चरणों में किया गया। दोनों कार्यक्रमों में लगभग 1700 क्षेत्रवासियों ने हिस्सा लिया।

अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव ने बताया विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम नगर निगम सीमा अंतर्गत क्षेत्र में 21 फरवरी तक आयोजित होंगे। पूर्व महापौर आशु वर्मा तथा दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जोनल प्रभारी आर.पी. सिंह द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया एवं उपस्थित जनों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में लगभग 743 पात्रों ने सरकार की योजनाओं का लाभ लिया। नगर निगम अधिकारियों ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को संभाला। इस दौरान कार्यक्रम संयोजक के रूप में भाजपा महामंत्री पप्पू पहलवान उपस्थित रहे।