महापौर-चेयरमैन, पार्षद-सभासद सीटों पर 835 महिलाएं फूंक रही चुनावी बिगुल

गाजियाबाद। नगर निकाय चुनाव के चलते जिले में नगर निगम महापौर और पार्षदों के अलावा चार नगर पालिका परिषद एवं चार नगर पंचायतों में चेयरमैन से लेकर सभासद पद की सीटों पर लगभग 835 महिलाएं प्रत्याशी अब चुनावी बिगुल फूंक रही है। जिले में आगामी 11 मई को दूसरे चरण में मतदान होना है। ऐसे में पुरूष प्रत्याशियों के साथ महिला प्रत्याशी भी अब अपने-अपने प्रतिद्धंदी को चुनावी टक्कर देने के लिए मैदान में जोर-शोर से उतरकर प्रचार कर रही हैं।  नगर निगम महापौर सीट के अलावा नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायत के चेयरमैन पद की छह सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। 59 पदों पर यह महिला प्रत्याशी पुरूषों को टक्कर दे रही है।बाकी की तीन सीटें पुरूषों के  लिए आरक्षित की गई हैं। नगर निगम के 100 वार्डों में बड़ी संख्या में महिला व सभासद सीट पर भी महिला सीट आरक्षित हैं। लेकिन अपनी उपस्थिति दिखाते हुए महिला प्रत्याशी सीधे तौर पर 59 सीटों पर पुरूष प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में टक्कर दे रही हैं।

जिले में नगर निगम के 100 वार्ड के अलावा चार नगर पालिका परिषद एवं चार नगर पंचायत को मिलाकर कुल 294 वार्ड हैं। इनके अलावा 9 सीटों में महापौर व चेयरमैन पद की है। बाकी की 285 सीटें पार्षद व सभासद की हैं। महापौर सीट महिला के लिए आरक्षित की गई हैं। महापौर पद के लिए 12 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इसके अलावा नगर पालिका परिषद मुरादनगर, लोनी, खोड़ा-मकनपुर एवं नगर पंचायत पतला और नगर पंचायत डासना अध्यक्ष पद की सीट भी महिला के लिए आरक्षित है। इनमें से एक सीट पर कोई महिला प्रत्याशी नहीं है। 294 सीटों में 122 सीटें महिला के लिए आरक्षित हैं। बाकी की सीटें अन्य वर्ग,सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हैं। 113 सीटें में से एक भी सीट पर कोई महिला प्रत्याशी मैदान में नहीं है लेकिन 59 सीटों पर जरूर महिला पुरुषों को टक्कर देती नजर आ रही हैं। नगर पंचायत निवाड़ी चेयरमैन के पद के लिए 8 पुरूष व 3 महिला प्रत्याशी है। जो उन्हें चुनाव में टक्कर दे रही हैं। नगर पंचायत फरीदनगर चेयरमैन पद पर 19 पुरूष प्रत्याशी हैं तो यहां भी 3 महिला प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में है।

नगर पालिका परिषद मोदीनगर चेयरमैन सीट पर एक भी महिला प्रत्याशी नहीं हैं। जिले की कुल 9 निकाय यानी कि नगर निगम महापौर से लेकर पार्षद सीट एवं चार नगर पालिका परिषद व चार नगर पंचायत के चेयरमैन व सभासद सीट के लिए कुल मिलाकर 835 महिला प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। नगर निगम के 100 वार्ड है। इनमें 314  महिला प्रत्याशी चुनाव मैदान में है,जबकि 365 पुरूष प्रत्याशी है। मोदीनगर नगर पालिका परिषद-34 वार्ड के लिए 94 महिला व 134 पुरूष प्रत्याशी मैदान में है। नगर पालिका परिषद मुरादनगर-25 वार्ड के लिए 64 महिला प्रत्याशी और 68 पुरूष प्रत्याशी मैदान में हैं। नगर पालिका परिषद लोनी-55 वार्ड में 153 महिला व 213 पुरूष प्रत्याशी मैदान में है। खोड़ा-मकनपुर नगर पालिका परिषद-34 वार्ड,66 महिला प्रत्याशी व 92 पुरूष प्रत्याशी चुनावी मैदान में है। इसी प्रकार नगर पंचायत पतला-10 वार्ड के लिए 27 महिला व 17 पुरूष प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे है। नगर पंचायत निवाड़ी-10 वार्ड में 21 महिला व 32 पुरूष प्रत्याशी है। नगर पंचायत फरीदनगर-11 वार्ड में 16 महिला व 44 पुरूष प्रत्याशी मैदान में है। जबकि नगर पंचायत डासना-15 वार्ड में 42 महिला व 74 पुरूष प्रत्याशी चुनावी मैदान में बिगुल फूंक रहे हैं। इन सभी 835 महिला प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 11 मई को होने वाले मतदान के बाद आगामी 13 मई को होने वाली मतगणना के बाद होगा।