टर्सियरी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का 85 प्रतिशत काम हुआ पूरा: नगर आयुक्त

-गुणवत्ता पूर्वक समय से कार्य पूर्ण करने के लिए टीम को दिए निर्देश

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा सेबी से लिए गए 150 करोड़ रुपए के ग्रीन म्यूनिसिपल बॉन्ड से सीवरेज के पानी को ट्रीट करके उसे औद्योगिक इकाइयों में देने के लिए तैयारी तेज हो गई है। इसके तहत इंदिरापुरम में निर्माणाधीन टर्सियरी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण किया जा रहा है। इस प्लांट का लगभग 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका हैं। शनिवार को नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड प्रोजेक्ट की ऑनलाइन प्रोग्रेस रिपोर्ट को जांचा। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए प्लांट का गुणवत्तापूर्वक समय से निर्माण कार्य पूरा कराने के लिए टीम को निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने बैठक के दौरान रोड रेस्टोरेशन पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। साहिबाबाद साइट-4 औद्योगिक क्षेत्र में इकाइयों को संशोधित जल की आपूर्ति करने के लिए जलकल विभाग द्वारा कार्य तेजी से किया जा रहा है। ग्रीन म्युनिसिपल बॉन्ड प्रोजेक्ट के कार्यों की समीक्षा करते हुए नगर आयुक्त ने गुणवत्ता पूर्वक कार्यों को समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। जलकल विभाग के महाप्रबंधक केपी आनंद ने बताया कि प्लांट का कार्य तेजी से चल रहा है। प्लांट का लगभग 85 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। प्लांट से डाली जाने वाली पाइपलाइन का कार्य भी लगभग पूर्ण हैं।

आगामी 22 सितंबर तक सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। नगर आयुक्त ने रोड रेस्टोरेशन के कार्य के बारे में निर्देश दिए कि 8 किलोमीटर रोड रेस्टोरेशन का कार्य तेजी से कराया जाएगा। औद्योगिक इकाइयों को जल आपूर्ति के लिए बनाए जा रहे प्लांट का कार्य अब अंतिम चरण में हैं। बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, जलकल विभाग के महाप्रबंधक कामाख्या प्रसाद आनंद, लेखाधिकारी डॉ. गीता कुमारी, वाबाग कंपनी के प्रोजेक्ट टीम हेड अग्नि मोहन आदि उपस्थित रहे।