सफाई मित्रों को बड़ी सौगात: Ghaziabad Nagar Nigam में वेतन वृद्धि पर बनी सहमति, जल्द मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय

-सफाई मित्रों, वाहन चालकों और हेल्परों के वेतन में होगी लगभग 2500 रुपये की बढ़ोतरी
-नगर निगम और कर्मचारी संघ के बीच वार्ता सफल, शासनादेश के अनुसार लागू होगी नई वेतन दरें
-भ्रामक संदेश फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, गर्मी से बचाव के लिए सफाई मित्रों को वितरित किए गए गमछे

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों, वाहन चालकों और हेल्परों के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने बड़ी राहत और सम्मानजनक पहल की है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर नगर निगम स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत सफाई मित्रों, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण वाहनों के चालकों तथा हेल्परों के वेतन में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय के बाद कर्मचारियों के वेतन में लगभग 2500 रुपये तक की बढ़ोतरी होने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नगर निगम प्रशासन द्वारा इस महत्वपूर्ण निर्णय की जानकारी संयुक्त मोर्चा नगर निगम सफाई कर्मचारी संघ को भी दे दी गई है। वेतन वृद्धि के संबंध में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश ने कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान कर्मचारियों को बढ़े हुए वेतन की जानकारी दी गई, जिससे सफाई मित्रों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के श्रम अनुभाग-02 द्वारा जारी शासनादेश संख्या 374/36-2-2026-2041256, दिनांक 17 अप्रैल के अनुसार निर्धारित नई दरों को लागू करने की सहमति प्रदान की गई है। इसी के अनुरूप नगर निगम से संबद्ध सभी वेंडरों को तत्काल प्रभाव से बढ़ा हुआ वेतन लागू करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। इससे नगर निगम में कार्यरत हजारों आउटसोर्स कर्मचारियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। नगर निगम प्रशासन का मानना है कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं और उनकी मेहनत के कारण ही शहर में नियमित सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो पाती है। ऐसे में उनके वेतन में वृद्धि न केवल आर्थिक राहत प्रदान करेगी बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ाएगी। अधिकारियों ने कहा कि कर्मचारियों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए निगम सदैव प्रतिबद्ध है।

बैठक के दौरान बढ़ती गर्मी और लू को देखते हुए कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया गया। अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार द्वारा उपस्थित सफाई मित्रों को गर्मी से बचाव के लिए गमछे वितरित किए गए। अधिकारियों ने कर्मचारियों से स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बरतने और तेज धूप में कार्य करते समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की अपील भी की। इसके साथ ही नगर निगम प्रशासन ने सफाई मित्रों को सोशल मीडिया और व्हाट्सएप के माध्यम से फैलाए जा रहे भ्रामक संदेशों और अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों ने कहा कि कुछ बाहरी असामाजिक और अराजक तत्व कर्मचारियों को गुमराह करने तथा भड़काने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे नगर निगम की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है। ऐसे लोगों के बहकावे में न आने और केवल अधिकृत सूचनाओं पर विश्वास करने के लिए कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

अपर नगर आयुक्त ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया, व्हाट्सएप या अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचना फैलाकर कर्मचारियों को उकसाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों और अफवाह फैलाने वाले तत्वों के विरुद्ध संबंधित क्षेत्रीय सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।

नगर निगम के इस फैसले को कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वेतन वृद्धि, कर्मचारियों के कल्याण के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और अफवाहों पर सख्ती की नीति से यह स्पष्ट हो गया है कि नगर निगम प्रशासन सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ कर्मचारियों के हितों और सम्मान को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है। सफाई मित्रों को मिली यह सौगात निश्चित रूप से उनके उत्साह और कार्यक्षमता को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।