नगर निगम के सफाई कर्मी सहित तीन की मौत, ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर हादसा,

बाइक की टक्कर लगने के बाद ओवरब्रिज से नीचे गिरे तीनों लोग

गाजियाबाद। ठाकुरद्वारा फ्लाईओवर पर बुधवार की देर रात सड़क हादसे में नगर निगम के सफाई कर्मचारी सहित 3 लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने फ्लाईओवर पर काम कर रहे सफाई कर्मचारी को जोरदार टक्कर मार दी। ऐसे में बाइक सवार 2 युवकों के साथ कर्मचारी भी फ्लाईओवर से नीचे आ गिरा। गंभीर रूप से घायल तीनों लोगों को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घंटाघर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार की देर रात करीब डेढ़ बजे यह घटना घटी।

पुलिस ने बताया कि अनमोल पुत्र जसवीर निवासी बिसोखर मोदीनगर गाजियाबाद नगर निगम में सफाई कर्मी था। वह गत देर रात सरकारी अस्पताल के सामने फ्लाईओवर पर सफाई कर रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार बाइक सवार दो युवकों ने सफाई कर्मी अनमोल को टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक और सफाई कर्मी अनमोल फ्लाईओवर से नीचे आ गिरे। राहगीरों की मदद से तीनों को सरकारी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि हादसे में अनमोल के अलावा रजत पुत्र रतन लाल निवासी इमलिया कला प्रयागराज और विशाल निवासी बम्हैटा की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने प्रारंभिक जांच-पड़ताल के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। उधर, हादसे के बाद जीटी रोड पर यातायात जाम हो गया। पुलिस ने मौके पर जाकर यातायात सुचारू कराया। वहीं, क्षतिग्रस्त बाइक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटना की जांच की जा रही है।