गैस रिफिलिंग करते समय हादसा, आग की चपेट में आने से झुलस गए छह नागरिक

गाजियाबाद। जनपद में गैस रिफिलिंग का अवैध कारोबार रूक नहीं पाया है। इसके चलते आए दिन हादसे हो रहे हैं। खोड़ा कॉलोनी में शनिवार को गैस रिफिलिंग के दौरान किराना स्टोर में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से आधा दर्जन लोग झुलस गए। सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पा लिया। आग के कारण किराना स्टोर में भीतर काफी सामान भी जल गया। खोड़ा थाना क्षेत्र के संगम विहार में सुबह 8 बजे यह घटना घटी।

पुलिस ने बताया कि संगम विहार में अशोक प्रजापति किराना स्टोर चलाते है। किराना स्टोर में वह अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग भी करते हैं। रसोई गैस के बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में रिफिलिंग की जाती है। इस कारण स्टोर में एकाएक आग लग गई। आग की चपेट में आने से दुकानदार अशोक प्रजापति, उसका बेटा विवेक और बेटी आरती झुलस गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुकान के बाहर तक आग की लपटें पहुंचने से तीन अन्य लोग भी झुलस गए। झुलसे लोगों को आनन-फानन में इलाज के लिए लाल बहादुर अस्पताल, दिल्ली ले जाया गया।

हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने सभी को सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। जहां उनका इलाज चल रहा है। बताया गया है कि दुकानदार, उसके बेटे व बेटी की हालत गंभीर है। उधर, आग की सूचना मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी (एफएसओ) सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। एफएसओ ने बताया कि किराना स्टोर में गैस रिफिलिंग के चलते आग लगने की बात सामने आई है।