-सड़कों पर मिले गोवंश तो गोपालकों पर होगी कार्रवाई
गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बाने के साथ नगर निगम द्वारा रोस्टर बनाकर आवारा सड़कों पर घूमते गोवंश को पकडऩे के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। जिसमें जोन अनुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रतिदिन जोन में जाकर संबंधित विभाग द्वारा खुले में घूमते गाय, बछड़े, सांड व बैल इत्यादि को पकडऩे की कार्यवाही की जा रही है। जिसके लिए पूरी सुविधा के साथ टीम मौके पर पहुंचती है और वहां से आवारा गोवंश को पकड़कर नंदी पार्क में लाया जाता है। साथ ही सड़कों पर छोड़े रहे गोवंशों को लेकर नगर निगम ने गोपालकों पर कार्रवाई शुरु कर दी है। दरअसल सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश के चलते हादसों का डर बना रहता है। अगर गोंवशों की देखभाल करने में कोई परेशानी आ रही है तो उसे नंदी पार्क में लाकर छोड़ सकते है। मगर सड़कों पर खुला नही छोड़ सकते है।
गोवंश की सुविधाओं में तत्परता
मेयर आशा शर्मा एवं नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर गोवंश के प्रति विशेष ध्यान दे रहे है। इसके साथ ही संबंधित विभाग को भी कड़े निर्देश दिए गए हैं कि गोवंश को पकडऩे के लिए टीम पूरी तैयारी से मौके पर पहुंचे। साथ ही ऐसी सुविधाजनक व्यवस्था बनाकर गोवंश को गाड़ी में चढ़ाएं व उतारें जिससे उनको किसी प्रकार की कोई असुविधा न हो। इसके अलावा नंदी पार्क में रहने वाली गाय, बछड़ा व अन्य गोवंश को सभी प्रकार की आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। नंदी पार्क में गौवंशों को किसी भी प्रकार की कमी महसूस न हो। जिसके लिए एक विशेष टीम बनाने के लिए भी नगर आयुक्त द्वारा डॉ अनुज कुमार सिंह को निर्देशित किया गया।
उप मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ अनुज कुमार सिंह ने कहा विभाग के संबंधित पशु चिकित्सा अधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी व टीम को योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए गये है। रोस्टर अनुसार शहर में निराश्रित घूम रहे गोवंश को पकडऩे के लिए भी सुविधाजनक कार्यवाही करने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया प्रतिदिन जोन में टीम द्वारा सुविधा के दृष्टिगत 5 से 7 गोवंश को पकड़कर नंदी पार्क लाया जा रहा है। लेकिन कुछ गोवंश ऐसे होते हैं, जिन्हें गोपालकों द्वारा छोड़ दिया जाता है। ऐसे गोपालकों के खिलाफ भी जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है। गोपालको से अपील हे कि गोवंश को सड़कों पर खुला ना छोड़े, उनका पूरा ध्यान रखें। यदि गोवंश पालने में किसी प्रकार की कोई आपत्ति आ रही है तो उस गोवंश को नंदी पार्क में छुड़वा दिया जाए। किंतु किसी भी रूप में गोवंश को सड़कों पर ना छोड़े। जिससे ना केवल गोवंश को हानि होगी बल्कि आवागमन में भी नागरिकों को सुविधा रहेगी।
















