खोड़ा पालिका के कार्यो से संतुष्ट नजर आए एडीएम

-पिंक टॉयलेट एवं वाहन डिपों का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमण कम होने के फलस्वरूप जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह के निर्देश पर विभागीय कार्यों में गतिशीलता लाए जाने का कार्य प्रारंभ हो गया है ताकि सरकार की मंशा के अनुरूप आम नागरिकों को संचालित विकास कार्यक्रमों का भरपूर लाभ मिल सके। इस कड़ी में सोमवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) गाजियाबाद ऋतु सुहास द्वारा नगर पालिका खोड़ा पहुंच कर खोड़ा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार भड़ाना,अवर अभियंता मदनपाल,सफाई निरीक्षक संजीव कुमार आदि की मौजूदगी में कार्यालय का निरीक्षण किया। एडीएम ने निरीक्षण करते हुए कहा कि कार्यालय में रिकॉर्डरूम दुरूस्त रखने के साथ साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। पालिका के कार्यालय का निरीक्षण करते हुए रिकॉर्ड रूम, सभागार एवं प्रशासनिक व्यवस्था को चेक किया। उन्होंने रिकॉर्ड सही मिलने पर प्रशंसा की। पालिका द्वारा निर्मित कराए गए पिंक टॉयलेट का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा सिटीजन फीडबैक एवं रजिस्ट्रीकरण समेत पिंक टॉयलेट की सफाई व्यवस्था पर संतुष्टि जाहिर की। पालिका द्वारा वाहनों के लिए बनाए गए डिपो का निरीक्षण किया। डिपो में खड़े सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम की ट्रैकिंग को चेक किया। वाहनों की सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे लगे हुए मिले। वहीं, वाहनों के चालू स्थिति में होने और वाहनों की लॉगबुक अपडेट होने पर प्रसन्नता जाहिर। एडीएम प्रशासन ने निरीक्षण करने के दौरान निर्देश दिए कि पालिका कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र में साफ-सफाई, सैनिटाइजेशन निरंतर रूप से किया जाना चाहिए। ताकि कोरोना संक्रमण के प्रभाव को रोका जा सके। बरसात के मौसम में संचारी रोग नियंत्रण के लिए फॉगिंग, सफाई के लिए अभियान चलाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पालिका के अन्य संबंधित अधिकारियों को नगर पालिका के अंतर्गत संचालित हो रहे समस्त प्रकार के विकास कार्यक्रमों को पूर्ण गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं ताकि समयबद्धता के साथ सभी निर्माण कार्य पूर्ण हो सके और नागरिकों को उनका लाभ प्राप्त हो सके।