महाशिवरात्रि-होली पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने को प्रशासन ने कसी कमर

कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न कराने के डीएम ने दिए निर्देश

गाजियाबाद। महाशिवरात्रि एवं होली पर्व को सकुशल संपन्न कराने और कानून एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत जिला मुख्यालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने कहा कि सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर प्रशासन एवं पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी ने सभी अपर जिलाधिकारी, उप-जिलाधिकारी, थानेदारों, सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि वह अपने-अपने संबंधित क्षेत्रों में पीस कमेटियों की बैठक कर शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करें। स्थानीय नागरिकों को स्पष्ट कर दिया जाए कि आगामी त्योहारों पर यदि किसी भी असामाजिक तत्व द्वारा जनपद की शांति एवं कानून व्यवस्था बिगाडऩे का प्रयास किया गया तो उसके विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी पांडेय ने कहा कि कोरोना संक्रमण को दृष्टिगत यह अत्यंत आवश्यक है कि त्योहारों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करने के साथ-साथ सभी को आपसी भाईचारे के साथ त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एलआईयू सभी संवेदनशील क्षेत्रों में निरीक्षण कर ले। मुख्य बाजारों में सतर्कता बरती जाए, जिससे छेडख़ानी, लूट आदि की घटनाएं न हों और मुख्य बाजारों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन पूर्ण रूप से कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान मंदिरों, शिवालयों एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए एवं चूने का छिडक़ाव कराया जाए। बैठक में त्योहारों से पहले खाद्य विभाग को खाद्य पदार्थों की सुरक्षा हेतु अभियान शुरू कर खाद्य सामग्रियों की जांच शुरू करने के भी निर्देश दिए गए। प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित कराए जाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य, एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजपेयी, एडीएम वित्त एवं राजस्व यशवर्धन श्रीवास्तव, एसपी सिटी निपुण अग्रवाल, एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम, एडीएम लोनी शुभांगी शुक्ला, एडीएम मोदीनगर आदित्य प्रजापति, जीडीए ओएसडी संजय कुमार सिंह, नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत आदि अधिकारी उपस्थित रहे।