16 साल बाद निगम ने ग्रीन बेल्ट कराई कब्जा मुक्त

गाजियाबाद। नगर निगम ने मोहन नगर जोन में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत करीब 16 साल बाद ग्रीन बेल्ट को कब्जा मुक्त कराया गया है। इस कार्रवाई से जनता में खुशी की लहर दौड़ गई है। नागरिकों ने नगर निगम के कदम की सराहना की है। लाजपत नगर द्वितीय वार्ड संख्या-85 में नगर निगम के प्रवर्तन दल ने पार्क को कब्जा मुक्त कराया है। क्षेत्रीय जनता का कहना है कि पिछले 16 साल से ग्रीन बेल्ट पर आस-पास के नागरिकों ने बाउंड्री कर रखी थी तथा पार्क को व्यक्तिगत इस्तेमाल में लिया जा रहा था। क्षेत्रीय जनता की शिकायत का संज्ञान लेकर मोहन नगर जोन के कर अधीक्षक (टीएस) बनारसी दास ने मौके पर जाकर प्रवर्तन दल के सहयोग से चारदीवारी हटवा कर ग्रीन बेल्ट को कब्जा मुक्त करा दिया ताकि जनहित में उसका सही इस्तेमाल किया जा सके। पार्षद विनोद शर्मा का कहना है कि क्षेत्र में अन्य स्थानों पर भी छोटे-छोटे अतिक्रमण कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा किए गए है। इस संबंध में जोनल प्रभारी मोहन नगर को अवगत कराकर शीघ्र कार्यवाही करने की अपील की गई है। पार्षद ने क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा न करने के लिए अपील की है। मौके पर कुछ नागरिकों द्वारा विरोध किया गया, मगर नियमानुसार कार्रवाई कर पार्क को जनहित में कब्जा मुक्त कराया गया। आस-पास की नागरिकों ने जो वहां पर निवास कर रहे हैं, नगर निगम की कार्रवाई को देखकर खुशी जाहिर की तथा नगर निगम का आभार प्रकट किया।