आखिरकार लंबे इंतजार के बाद खुले बाजार, बरतनी होगी सावधानी: प्रदीप गुप्ता

गाजियाबाद। व्यापारी एकता समिति इंदिरापुरम ने उत्तर प्रदेश में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू होने पर खुशी जाहिर की है। संस्था के संयोजक प्रदीप गुप्ता ने कहा है कि आखिरकार लंबे समय बाद बाजार और दुकानें खुल गई हैं। उप्र में कोरोना संक्रमण के मामलों में काफी कमी आ गई है, लेकिन कुछ जिलों में हालात अभी भी खऱाब हैं। हालांकि ग़ाजिय़ाबाद में हालात पहले के मुक़ाबले काफी बेहतर हुए हैं, लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि कोरोना खत्म हो गया है या कोरोना का ख़तरा टल गया है। मतलब साफ है कि हमें अभी भी उतनी ही सावधानी बरतनी है जितनी हम पहले बरत रहे थे। हमें कोविड-19 के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करना और कराना है। यह सुनिश्चित करना है कि ऑफिस व दुकान में सभी स्टाफ मास्क लगाकर रहें। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। समय-समय पर हाथ साफ करते रहें और सैनिटाइज करते रहें। इन सबके साथ-साथ बाज़ारों की साफ -सफाई और सैनिटाइजेशन का भी ध्यान रखना है। संस्था द्वारा उत्तर प्रदेश सरकार एवं गाजिय़ाबाद नगर निगम से मांग की जाएगी कि वह बाज़ारों की साफ-सफाई और सैनिटाइजेशन का काम नियमित तौर पर करते रहें। सभी व्यापारी दुकानों के सामने गोला जरूर बनाएं ताकि ग्राहक भी सामाजिक दूरी का सही तरीके से पालन कर सके। टीकाकरण अभियान में सरकार का सहयोग करें।