आंदोलनरत किसानों को मिला शिवपाल यादव का साथ

गाजियाबाद। लोनी में आंदोलनरत किसानों से मिलने शुक्रवार को प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव पहुंचे। उन्होंने धरनारत किसानों को समर्थन किया। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा लागू तीनों कृषि कानूनों की आलोचना की। शिवपाल यादव ने कहा कि किसानों को राहत देने में सरकार नाकाम रही है। उप्र आवास एवं विकास परिषद की मंडोला आवास योजना के विरोध में किसान लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं। किसानों ने अधिग्रहित भूमि का पर्याप्त मुआवजा देने की पुरजोर मांग की है।

इस बीच किसानों के समर्थन में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी मंडोला पहुंच रहे हैं। शिवपाल यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से किसानों की समस्या के मामले में बात करेंगे। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी हर तरह से किसानों के समर्थन में खड़ी है। जल्द मुख्यमंत्री से इन मुद्दों को लेकर वार्ता करेंगे। उनसे मांगों को पूरा कराने का काम करेंगे। इसके लिए चाहे प्रधानमंत्री से भी वार्ता करनी पड़े तो उनसे समय लेकर वार्ता करेंगे। शिवपाल यादव पार्टी के जिलाध्यक्ष चौधरी प्रताप सिंह एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ वहांं पहुंचे।

उन्होंने धरने पर बैठे किसान नेता मनवीर तेवतिया से भी बात की। उन्होंने कहा कि 5 माह बाद होने वाले प्रदेश के विधान सभा में यदि समाजवादी लोगों की सरकार बनती है तो पहली कैबिनेट की मीटिंग में किसानों के हित में निर्णय लेकर मांगों को पूरा करेंगे। किसान नेता मनवीर तेवतिया के नेतृत्व में चल रहे धरने को सर्वसम्मति से समर्थन दिया। उन्होंने जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह से भी किसानों के मुद्दे को लेकर वार्ता की और कहा कि जल्द ही किसानों के मुद्दों को लेकर वह शासन से अपने द्वारा भी वार्ता करें। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष छात्र सभा लोकेश,जिला अध्यक्ष गौतमबुधनगर हरेंद्र भाटी,महानगर अध्यक्ष जयप्रकाश अग्रवाल,योगेंद्र यादव, दीपक पंडित आदि मौजूद रहे।