अलीगढ़ इफेक्ट: जनपद में शराब माफिया की तलाश

-अवैध शराब की आशंका पर वाइन शॉप पर छापेमारी
-स्टॉक की सघन जांच, संग्रहित किए गए नमूने

गाजियाबाद। अलीगढ़ में जहरीली शराब पीने से 100 से ज्यादा नागरिकों की मौत होने के बाद से उत्तर प्रदेश सरकार बेहद गंभीर है। सरकार की मंशा को देखकर जनपद गाजियाबाद में भी अवैध शराब के खिलाफ ताबड़-तोड़ छापेमार कार्रवाई चल रही है। इसके चलते विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों और आबकारी निरीक्षकों ने देर रात में शराब की दुकानों पर छापेमारी कार्रवाई की। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह एवं एसएसपी अमित पाठक के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने आबकारी निरीक्षक रमाशंकर सिंह और पुलिस टीम के साथ शराब की दुकानों पर स्टॉक की जांच कर सैंपल भी लिए। सभी टीमों ने जिलेभर में शराब की 507 दुकानों पर जांच-पड़ताल की। वहीं, अपर नगर मजिस्ट्रेट खालिद अंजुम ने आबकारी निरीक्षक त्रिभुवन हयांकी एवं पुलिस टीम के साथ इंदिरापुरम क्षेत्र में शराब की दुकानों में छापेमार कार्रवाई कर सैंपल लेने के साथ स्टॉक रजिस्टर को भी चेक किया। इसी प्रकार अपर नगर मजिस्ट्रेट द्वितीय विनय कुमार सिंह ने आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय, आबकारी निरीक्षक अरूण कुमार एवं पुलिस टीम के साथ कौशांबी, वैशाली, विजयनगर क्षेत्र में शराब के सैंपल लेने के साथ रजिस्टर को भी चेक किया। इसी क्रम में लोनी क्षेत्र में एसडीएम शुभांगी शुक्ला के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा ने लोनी क्षेत्र में शराब की दुकानों से सैंपल लेने के साथ स्टॉक रजिस्टर भी चेक किया। चेकिंग के दौरान शराब की दुकानों पर स्टॉक में कोई कमी नहीं पाई गई। टीमों ने छापेमारी कर शराब की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल भी लिए और बार कोड की जांच की गई। जिला आबकारी अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि अलीगढ़ की घटना के बाद शराब की दुकानों पर छापेमारी कार्रवाई की जा रही है। दुकानों पर अवैध शराब नहीं मिली। यह कार्रवाई जारी रहेगी। अगर शराब की दुकानों पर अवैध शराब पाई गई तो संबंधित दुकानों और उसके ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 50 दुकानों से देशी और विदेशी शराब के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय लैब में भेजे गए हैं। अवैध रूप से शराब बेचने वाले 73 लोगों की धरपकड़ की जाएगी। अवैध शराब बनाने एवं बेचने वाले 73 संदिग्ध लोगों की कुंडली तैयार की गई है। इनका पूरा विवरण एसएसपी को भेजा गया है। क्षेत्र के थाने के अलावा चौकी को भी सूची भेजी गई है। क्षेत्र के आबकारी निरीक्षक द्वारा रोजाना इन लोगों की निगरानी की जाएगी। अवैध शराब बेचने एवं बनाने वालों की सूचना मोबाइल नंबर-9454465653 पर भी दे सकते हैं। यदि शराब की दुकानों पर अवैध शराब पाई गई तो शराब दुकानदारों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।