-थाने में रिकॉर्ड रखे दुरूस्त,खामियां मिलने पर होगी कार्रवाई: डीआईजी
गाजियाबाद। जिले के नवनियुक्त डीआईजी/एसएसपी अमित पाठक ने बीती रात कौशांबी थाने का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिये। गुरूवार देर रात डीआईजी अमित पाठक ने थाने का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में मैस, बाथरूम की साफ-सफाई, कोविड हेल्प डेस्क, महिला हेल्प डेस्क, पुलिसकर्मियों के बैरक, हवालात, तथा थाने मे लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। एसएसपी ने थाने के कंप्यूटर रूम, अभिलेखों, मालाखाना व हथियारों के रखरखाव की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों में खलबली का माहौल बना रहा।
डीआईजी अमित पाठक ने कौशांबी थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र सिंह एवं अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि एफआईआर दर्ज करने में कोई लापरवाही न की जाए। महिला हेल्प डेस्क तथा थाने पर आने वाली अन्य शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए शत प्रतिशत निस्तारण करते हुए उनका फॉलोअप भी लेने को कहा। थाने की साफ-सफाई एवं अपराध की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विभिन्न अभियानों में प्रगति परिणाम तथा अपराधिक घटनाओं के अनावरण करने के आदेश दिए। थाना प्रभारी को घटनाओं के शीघ्र अनावरण, पीने के पानी की व्यवस्था के साथ ही कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम, नियमों का पालन करना तथा अपराध की रोकथाम एवं कानून व्यवस्था के मद्देनजर लगातार चेकिंग चलाने के निर्देश दिए। त्योहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर व अन्य रजिस्टरों को देखकर डीआईजी ने कहा कि सभी चीजें अपडेट रहनी चाहिए। निर्देश दिया कि लंबित मामलों में कार्रवाई करते हुए अपराध करने के आरोपियों पर शिकंजा कसा जाए। निरीक्षण निपट जाने पर पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।
















