विधान सभा चुनाव : डीएम ने मातहतों के साथ तैयारियों पर किया मंथन

गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में विधान सभा चुनाव-2022 की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनपद में निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए अभी से रणनीति पर विचार-विमर्श चल रहा है। जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह भी विस चुनाव के मद्देनजर बेहद गंभीर दिखाई दे रहे हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जिन युवाओं की उम्र 18 साल पूरी हो रही है, उनके नाम मतदाता सूची में हर सूरत में शामिल किए जाएं।

जिला मुख्यालय सभागार में सोमवार को आयोजित बैठक में डीएम के अलावा सीडीओ अस्मिता लाल, एडीएम (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, एडीएम (प्रशासन) ऋतु सुहास, अपर नगरायुक्त अरूण कुमार यादव, एसपी देहात डॉ. ईरज राजा, एडीएम (एलए) श्याम अवध चौहान, एसडीएम सदर विनय कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट गंभीर सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट चंद्रेश सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मचारी गंभीर रहे। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसलिए सभी अधिकारी एवं कर्मचारी अपने कार्य करते हुए समय सीमा बनाएं।

उस समय सीमा में वह कार्य पूरा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी चिन्हित मतदेय स्थल पर स्वयं जाकर भौतिक सत्यापन करा लें। जो भी कमियां है। उन्हें दूर करा लें। एक जनवरी-2022 के आधार पर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की गतिविधियों के प्रपत्र 6,7,8,8ए आदि के संबंध में समीक्षा कर मतदाता पुनरीक्षण कार्य की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने तहसील वार अब तक कराए गए पुनरीक्षण कार्य के संबंध में जानकारी लेते हुए गुणवत्ता के आधार पर तत्काल प्राप्त आपत्तियों का निस्तारण करने के निर्देश दिए।नए मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोडऩे के लिए उन्होंने कहा कि जिनकी आयु एक जनवरी 2022 तक 18 वर्ष की हो रही है। उनका नाम हर हाल में मतदाता सूची में शामिल कर लिया जाए।

जिलाधिकारी ने जिले में बनाए गए मतदेय स्थलों के बारे में जानकारी ली। मतदान कार्य को सकुशल एवं निष्पक्ष ढंग से संपादित कराने के लिए कार्मिकों की उपलब्धता एवं आवश्यकता, वाहन, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी के लिए कैमरे की उपलब्धता आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बैठक में सभी प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पूर्ण मनोयोग से अक्षरश:अध्ययन कर लें। प्रशिक्षण में समझाए जाने वाले बिंदुओं, तथ्यों एवं जानकारियों को सभी कार्मिक अच्छे से ग्रहण करें।

जोन एवं सेक्टर जितने छोटे होंगे, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उतनी जल्दी ही भ्रमण का कार्य पूरा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मतदान की सरलता के लिए बीएलए एवं बीएलओ की उपस्थिति में प्रत्येक बूथ पर ईवीएम ले जाकर प्रशिक्षित करते हुए मॉक पोल एवं मतदान के बारे में जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसमें किसी भी प्रकार की संवादहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसलिए सभी अधिकारी अपना मोबाइल बंद नहीं रखेंगे। आयोग द्वारा जारी आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा।