सुरक्षा प्रबंध कड़े, 8 सीट के लिए 10 फरवरी को होना है मतदान
गाजियाबाद/नोएडा। जनपद गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर में शुक्रवार से नामांकन प्रक्रिया आरंभ हो गई। ऐसे में सुरक्षा इंतजाम बेहद कड़े किए गए हैं। नामांकन कक्षों के भीतर और बाहर अनावश्यक भीड़ जुटने नहीं दी जाएगी। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया है। कोरोना प्रोटोकॉल का अनुपालन कराने पर बल दिया गया है। जनपद गाजियाबाद में विधान सभा की 5 और गौतमबुद्ध नगर में 3 सीट हैं। इन 8 सीटों पर 10 फरवरी को मतदान होना है। इसके मद्देनजर शुक्रवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के मध्य नामांकन प्रक्रिया का आगाज हो गया।
जिला मुख्यालय गाजियाबाद में लोनी, साहिबाबाद, गाजियाबाद शहर, मुरादनगर और मोदीनगर विस क्षेत्र से नामांकन करने की व्यवस्था की गई है। उधर, सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में नोएडा, दादरी और जेवर विधान सभा सीट के लिए पर्चे भरे जाएंगे। नामांकन का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिला मुख्यालय के अंदर आने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है, जिससे तय संख्या से अधिक व्यक्ति प्रत्याशी के साथ नामांकन कक्ष में न जाएं।
जिला प्रशासन के मुताबिक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे तक प्रत्याशी नामांकन कर सकेंगे। कलेक्ट्रेट के अंदर जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। कोरोना संक्रमण के कारण उम्मीदवारों के पास पहली बार नामांकन के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्प मौजूद हैं। कलेक्ट्रेट से नामांकन पत्र भी लिए जा सकते हैं। उधर, एसडीएम (सदर) नोएडा विधान सभा क्षेत्र, एसडीएम (दादरी) दादरी विधान सभा क्षेत्र और एसडीएम (जेवर) को जेवर विधान सभा क्षेत्र के रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नामांकन प्रक्रिया को तीनों रिटर्निंग ऑफिसर पूरा कराएंगे।
















