डीएम-एसएसपी ने लिया बूथों का जायजा
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के मेरठ खंड स्नातक एवं मेरठ खंड शिक्षक का निर्वाचन आज पूर्ण हो गया। जनपद में 11 मतदान केंद्रों पर वोट डाले गए। स्नातक के लिए 35.35 फीसद और शिक्षक के लिए 45.24 फीसद मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। वहां कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया गया। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक पद के निर्वाचन के लिए जनपद गाजियाबाद में 11 मतदान केंद्र बनाए गए थे। वहां 59 बूथों पर वोटिंग की व्यवस्था थी। मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे शुरू हुई। यह शाम 4 बजे तक चली। 
मतदान प्रक्रिया का जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय, एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बूथों का जायजा लिया। निर्देशानुसार बिना मास्क किसी मतदाता को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। मतदाताओं का थर्मल स्कैनर से तापमान नापने और सैनिटाइज करने के बाद ही अंदर जाने दिया गया। 
उन्होंने भ्रमण के दौरान मतदान प्रक्रिया में जुटे सभी अधिकारी एवं मतदान कार्मिकों को मौके पर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। मतदान प्रक्रिया के सभी कार्य भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप संपन्न कराने पर जोर दिया गया। 
डीएम ने बताया कि जिले में मतदान प्रक्रिया सुचारू, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न करा ली गई। सभी केंद्रों पर कोविड प्रोटोकॉल का पालन कराया गया। उधर, अर्थ एवं सांख्यिकीय अधिकारी वीर सिंह ने बताया कि स्नातक के लिए 35.35 प्रतिशत और शिक्षक के लिए 45.24 प्रतिशत वोट डाले गए। किसी भी केंद्र पर जाली मतदान की सूचना नहीं मिली। स्नातक में 53 हजार 865 और शिक्षक में 6051 मतदाता थे। किसी भी मतदान केंद्र पर एक हजार से ज्यादा मतदाता नहीं थे। जिले में हुए एमएलसी चुनाव में भाजपा के बस्तों पर जहां भीड़ दिखाई दी। वहीं,सपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के बस्तों पर भीड़ कम रहीं। मंगलवार को जिले में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान बैलेट पेपर से शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। 
जिले में मतदान के लिए 72 पोलिंग बूथ और 11 सेंटर बनाए गए थे। इनमें करीब 220 कार्मिकों को लगाया गया था। मतदान निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से कराए जाने पर सभी कार्मिक बधाई के पात्र हैं। सीडीओ अस्मिता लाल एवं एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह से लेकर उप निर्वाचन अधिकारी एडीएम फाइनेंस यशवर्धन श्रीवास्तव,एडीएम प्रशासन संतोष कुमार वैश्य,एडीएम एलए कमलेश चंद्र वाजेपयी,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह, एसडीएम लोनी खालिद अंजुम,जीडीए ओएसडी सुशील कुमार चौबे,ओएसडी संजय कुमार सिंह,जिला आपूर्ति अधिकारी डॉ.सीमा चौधरी,जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी,परियोजना निदेशक पीएन दीक्षित आदि अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैदी से चुनाव ड्यूटी पर डटे रहे। एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह ने शहर के कई पोलिंग सेंटरों पर जायजा लिया। वहीं,एसडीएम सदर देवेंद्र पाल सिंह ने रजापुर और शास्त्रीनगर राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज पोलिंग सेंटर पर व्यवस्था को संभाली। मतदान के चलते प्रशासन-पुलिस ने कड़े इंतजाम किए थे। कविनगर थाना प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह टीम के साथ इंग्राहम इंटर कॉलेज में मुस्तैदी के साथ डटे रहे।
















