कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने सरकार पर लगाए आरोप
गाजियाबाद। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय वर्मा ने किसान आंदोलन के बहाने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया है कि किसानों के खिलाफ सरकार हिटलरशाही रवैया अपना रही है। सरकार की मंशा साफ नहीं है। इसलिए वह अनगर्ल बयानबाजी कर रही है। कांग्रेस नेता अजय वर्मा ने कहा कि किसानों की समस्या का समाधान करने की बजाए सरकार अपनी ताकत का दुरूपयोग कर रही है। दिल्ली में आने से किसानों को रोकने के लिए ऐसे तरीके अपनाए गए, जो कभी हिटलर या अंग्रेजों ने भी नहीं अपनाए थे। किसानों को रोकने की खातिर सड़कें खुदवा दी गईं। रास्तों में जेसीबी वाहन खड़े कर दिए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का एजेंडा किसानों को परेशान करना, उनकी हत्या करना और उन्हें अधिकारों से वंचित रखना है। अपना एजेंडा चलाने के लिए सड़क खोद कर किसानों को आने से रोका गया। इस प्रकार का तरीका कभी हिटलरी या अंग्रेजों ने भी नहीं अपनाया था। किसानों को दिल्ली आने से ऐसे रोका गया, जैसे आतंकवादी आ रहे हों। भाजपा नेताओं की मंशा है कि वह ना तो किसानों को एमएसपी देंगे और ना उनका हक देंगे। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में सर्वाधिक किसान आत्महत्या कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी और योगी जिस तरीके से किसानों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं, इसके लिए उन्हें भगवान तो भगवानी धरती का भगवान भी कभी माफ नहीं करेगा। किसानों का रोजी-रोजगार छीन लिया गया। उन्हें एमएसपी देंगे नहीं। भाजपा का टारगेट सिर्फ यह है कि किसानों की हत्या करो, किसानों पर गोली चलवाओ। किसानों को उनके हक से वंचित कर दो। चुनाव आने पर भाजपा किसानों की अन्नदाता बन जाती है। सरकार बड़े घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए किसानों पर अत्याचार कर रही है। किसान कोई आतंकवादी नहीं है, जो इस प्रकार से पुलिस बैरिकेडिंग कर रही है। यह आंदोलन सिर्फ पंजाब के किसानों का नहीं बल्कि पूरे देश के किसानों का आंदोलन है। सरकार को एमएसपी की गारंटी देनी चाहिए। दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित मीटिंग का कोई नतीजा नहीं निकला है। सरकार को हिटलरशाही छोडऩी चाहिए। कांग्रेस पार्टी किसानों के साथ हमेशा रहेगी।
















