अतुल गर्ग जीत की ओर, निकटतम प्रत्याशी सपा के विशाल वर्मा से लगभग 37000 वोटों से आगे

गाजियाबाद। गाजियाबाद सदर सीट पर भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग शानदार जीत की ओर अग्रसर नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी सपा-रालोद गठबंधन के उम्मीदवार विशाल वर्मा को लगभग 37 हजार मतों से पीछे छोड़ रखा है। ऐसे में इस सीट पर भाजपा की जीत सुनिश्चित मानी जा रही है। 12वें राउंड तक भाजपा प्रत्याशी अतुल गर्ग को कुल 48597, सपा-रालोद गठबंधन के विशाल वर्मा को 11 हजार, बसपा के के.के. शुक्ला को 9907 और कांग्रेस के सुशांत गोयल को सिर्फ 3082 वोट मिल पाए थे।

गाजियाबाद जनपद में विधान सभा की सभी 5 सीट पर मतगणना प्रक्रिया जारी है। पांचों सीट पर भाजपा प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। लोनी सीट पर 11वें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर करीब 6 हजार वोट से आगे हैं। दूसरे स्थान पर सपा-रालोद गठबंधन उम्मीदवार मदन भैय्या हैं। गाजियाबाद जिले में साहिबाबाद से भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा, गाजियाबाद शहर से अतुल गर्ग, मोदीनगर से डॉ. मंजू सिवाच, लोनी से नंदकिशोर गुर्जर और मुरादनगर से अजीत पाल त्यागी आगे चल रही हैं। लोनी सीट पर दसवें राउंड की मतगणना में भाजपा प्रत्याशी गुर्जर ने सपा-रालोद गठबंधन प्रत्याशी मदन प्रत्याशी को करीब 6 हजार मतों से पीछे कर दिया है।

11वें राउंड तक नंदकिशोर गुर्जर को 37227, मदन भैय्या को 31766, बसपा के आकिल को 9080, कांग्रेस के यामीन को 706, निर्दलीय रंजीता धामा को 3218, आप के सचिन कुमार शर्मा को 1948, एआईएमआईएम के मेहताब को 1078, सुभाष पार्टी के जयप्रकाश दुबे को 89, आरएसपी के दिलशाद को 131 व अमित कुमार को 414 वोट मिले हैं। उधर, जनपद गौतमबुद्ध नगर में विधान सभा की तीनों सीट पर भाजपा प्रत्याशियों ने बढ़त बना रखी है। नोएडा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, दादरी सीट से तेजपाल नगर और जेवर से ठाकुर धीरेंद्र सिंह आगे चल रहे हैं। गौतमबुद्ध नगर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया चल रही है। उत्तर प्रदेश में विधान सभा चुनाव के लिए मतगणना जारी है।