पुलिसकर्मी बनने के लिए शारीरिक एवं मानसिक के साथ आधारभूत प्रशिक्षण जरूरी: एसएसपी

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती आरक्षियों को मिल रही ट्रेनिंग और परीक्षाओं को लेकर एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सीधा संवाद किया। एसएसपी नैथानी ने कहा कि पुलिसकर्मी बनने के लिए शारीरिक एवं मानसिक के अलावा आधारभूत प्रशिक्षण जरूरी है। हरसांव स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में मंगलवार को एसएसपी ने एएसपी संदीप कुमार मीणा, सीओ ट्रैफिक महिपाल सिंह आदि की मौजूदगी में रिक्रूट आरक्षियों के आधारभूत प्रशिक्षण के दौरान आंतरिक एवं बाहय परीक्षाओं का निरीक्षण कर जायजा लेकर रिक्रूट आरक्षियों से सीधा संवाद किया। पुलिस लाइन में पिछले 6 माह से 109 आरक्षियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। पुलिस विभाग में अच्छे एवं व्यवहार कुशल व आधुनिक समाज की जरूरतों के अनुसार योग्य व तकनीक के जानकार पुलिसकर्मी बनाने के लिए प्रशिक्षण पर विशेष जोर है। इस प्रशिक्षण के दौरान इस पर विशेष ध्यान दिया गया। एसएसपी ने कहा कि पुलिस में जहां एक ओर बदलते समाज के अनुसार प्रशिक्षण का अत्यधिक महत्व है, वहीं इसे अधिक संवेदनशील होने की जरूरत है। खुद को नवीन तकनीक एवं नए नियम कानून विशेष अधिनियम आदि की जानकारी होना जरूरी हैं। शस्त्रों के प्रयोग में दक्षता एवं कब बल प्रयोग करना है, किन परिस्थितियों में करना है, इन सभी को ध्यान में रखकर प्रशिक्षित किया गया है। एसएसपी ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को शुभकामनाएं देकर जनहित में पारदर्शिता से काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि ट्रेनिंग पूरी होने के बाद बेहतर तरीके से कार्य करें।