रात्रि में छुपकर कूड़ा डालने वाले हो जाएं सावधान, लगेगा जुर्माना

शहर की सफाई व्यवस्था का नगर आयुक्त ले रहे जायजा

गाजियाबाद। शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ का कार्य करने का अंदाज और अधिकारियों से बिल्कुल परे है। जहां वह दिन-रात शहर का भ्रमण कर शहर की सफाई व्यवस्था को परखते नजर आते है तो वहीं निगम कर्मचारियों का भी हौंसला बढाते है। मगर इन सब के बीच वह अपने कार्य को कुछ अलग तरीके से करते हुए दिखाई दे रहे है। शहर के लोगों को निगम द्वारा प्रतिदिन स्वच्छता का पाठ पढाया जाता है। जिससे शहर के लोग जिम्मेदार और जागरुक बने। मगर फिर भी कुछ लोग अपनी हरकतों से बाज नही आते है। जिनका उद्देश्य मात्र यही है कि शहर को गंदा करना।

रोजाना की तरह शुक्रवार रात को भी नगर आयुक्त डॉ नितिन गौड़ ने शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने बाजारों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि मोहन नगर जोन के बाजार में रात्रिकालीन सफाई की टीम बाजार में सफाई का कार्य कर रही थी। वहीं राजेंद्र नगर की निरीक्षण के दौरान एक स्थान ऐसा पाया गया जहां पर कचरे का ढेर लगा हुआ था। वहां एक व्यक्ति चुपके से कूड़ा डाल रहा था। जिसे नगर आयुक्त ने देख लिया। पहले तो वह नगर आयुक्त को देख डर गया। लेकिन नगर आयुक्त ने उसे बुलाया और बात कि की यह कचरा से लाया जा रहा है। जिसके बाद उक्त व्यक्ति ने नगर आयुक्त को जानकारी दी। बरहाल नगर आयुक्त ने उक्त व्यक्ति को समझाया और बताया कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में नगर निगम के कर्मचारी और अधिकारी दिन रात लगे हुए है। अगर आप ही ऐसा करेंगे तो अपना शहर स्वच्छ कैसे बनेगा। जितना यह शहर हमारा है, उससे कहीं ज्यादा शहर आपका अपना है। अपने शहर को स्वच्छ रखने में सहयोग करें। कूड़े को नगर निगम की गाडिय़ों में ही डाले।

जिस पर व्यक्ति ने नगर आयुक्त को आश्वसन दिया कि भविष्य में फिर कभी भी वह खुले कूड़ा नही डालेगा और कूड़े को निगम की गाड़ी या फिर डस्टबिन में डालेगा। जिस पर नगर आयुक्त ने उसे जाने दिया। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग करें। गंदगी न करें, यह शहर आपका है। जिसकी जिम्मेदारी आप सभी की भी है। नगर निगम की टीम अपना काम पूरी ईमानदारी से कर रही है। जिसमें आप सभी भी अपना सहयोग दें। उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर कोई भी व्यक्ति को खुले में कूड़ा या कचरा डालता हुआ पाया गया तो संबधित के खिलाफ जुर्माना भी लगाया जाएगा।