पश्चिमी यूपी से भाजपा को बड़ा झटका, लोनी चेयरमैन ने अपने पति व समर्थकों के साथ थामा रालोद का दामन

गाजियाबाद। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को मंगलवार को बड़ा झटका लगा है। लोनी नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रंजीता धामा एवं पति पूर्व चेयरमैन मनोज धामा ने भाजपा को अलविदा कहते हुए राष्ट्रीय लोकदल का दामन थाम लिया। पूर्व चेयरमैन मनोज धामा एवं चेयरमैन रंजीता धामा ने जल्द ही लोनी में राष्ट्रीय लोकदल के सुप्रीमो चौधरी जयंत सिंह की अगुआई में बड़ी जनसभा आयोजित कर विरोधियों को एक नया संदेश देने की घोषणा भी की। मंगलवार को जीटी रोड स्थित होटल में पत्रकारों से वार्ता करते हुए रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी एवं राष्ट्रीय महासचिव डॉ. यशवीर सिंह ने चेयरमैन रंजीता धामा एवं उनके पति पूर्व चेयरमैन मनोज धामा के रालोद में शामिल होने की घोषणा की।

पूर्व चेयरमैन मनोज धामा ने कहा लोनी में भाजपा के विधायक द्वारा गरीब तबके का उत्पीडऩ किया जा रहा है जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम लोग लोनी के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और लोनी का विकास हर स्तर पर किया जाएगा। उन्होंने कहा जनसेवा के लिए रालोद में आए हैं जो भाजपा में रहकर संभव नहीं था। भाजपा छोड़कर वे खुद को बंधनमुक्त महसूस कर रहे हैं। जनता के हित में विपरीत परिस्थतियों में काम करना जानते हैं। जनता के हित के लिए काम करना उनकी सबसे पहली प्राथमिकता है। मंच से उन्होंने ऐलान किया कि जल्द ही वे जयंत चौधरी के निर्देश पर लोनी में बड़ी सभा बुलाएंगे। सपा सरकार में मैं चेयरमैन रहा हूं। लोनी में जल्द ही बड़ी जनसभा की जाएगी।उन्होंने कहा कि रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के आर्शीवाद से लोनी में पार्टी को मजबूत किया जाएगा। वह जो भी जिम्मेदारी देंगे।उसका बखूबी निर्वहन किया जाएगा।

बता दें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2022 में रंजीता धामा ने लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी से बगावत करके विधायक का चुनाव लड़ा था। चुनाव से कुछ दिन पहले रंजीता धामा ने फेसबुक लाइव के दौरान भाजपा के प्रत्याशी नंद किशोर गुर्जर पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह करने की भी धमकी दी थी। आरोप था कि लोनी से वर्तमान विधायक और भाजपा प्रत्याशी नंदकिशोर गुर्जर उनका नामांकन रद करवाने की कोशिश में हैं, अगर ऐसा हुआ तो वे मुख्यमंत्री आवास के बाहर परिवार समेत आत्मदाह कर लेंगीं। रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देशानुसार पार्टी में जो जिम्मेदारी मिलेगी उसका निर्वहन पूरी क्षमता के साथ करेंगे। धामा दंपत्ति के साथ लोनी के लगभग एक दर्जन सभासद भी आज भाजपा छोड़कर रालोद में शामिल हुए।

पूर्व चेयरमैन राष्ट्रीय महासचिव डॉ यशवीर सिंह ने कहा चौधरी चरण सिंह ने हर गांव में स्कूल खोलने की बात कही थी लेकिन वर्तमान सरकार के समय में सरकारी स्कूलों का स्तर गिर चुका है और शिक्षा का निजीकरण किया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार बिल्कुल फेल है। आज भाजपा सरकार में शिक्षा माफिया पनप रहे है। किसान बहुत परेशान है अभी गन्ने का पिछला भुगतान नहीं हुआ और मिल चालू होने को तैयार है। हम सरकार से मांग करते हैं कि मिल शुरू होने से पहले किसानों का गन्ने का तुरंत भुगतान किया जाए।

प्रदेश अध्यक्ष सहकारिता उत्तर प्रदेश अमर जीत सिंह बिड्डी चेयरमैन ने कहा भाजपा सरकार में महंगाई की मार हर वर्ग पर पड़ी है जिसमें किसान मजदूर सबसे ज्यादा पिस रहा है हर आदमी जीएसटी दे रहा है। प्रेसवार्ता का संचालन प्रदेश प्रवक्ता चौधरी अजयवीर सिंह एडवोकेट ने किया। निवर्तमान जिलाध्यक्ष चौधरी तेजपाल सिंह, निवर्तमान महानगर अध्यक्ष अरुण चौधरी भुल्लन, चौधरी मनवीर सिंह, सहकारिता प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह बिड्डी, निवर्तमान क्षेत्रीय महासचिव सुशील तेवतिया, सरदार इन्द्रजीत सिंह टीटू, भुपेन्द्र बॉबी, शुभेंदू कौशिक, ओडी त्यागी, इंद्रजीत टीटू आदि प्रेसवार्ता में मौजूद रहे।