जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र की ऑफलाइन प्रक्रिया शुरू

-अस्पतालों में जन्म-मृत्यु के उपरांत 48 घंटे में ऑनलाइन प्रक्रिया से अभिभावकों को मिलेगा प्रमाण पत्र: डॉ. मिथलेश कुमार

गाजियाबाद। कोरोनाकाल में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए नागरिकों को अब परेशान होने की जरूरत नही है। नगर निगम ने पांचों जोनल कार्यालयों में इसके लिए आवेदन लेने शुरू कर दिए है। कुछ समय पहले कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखकर आवेदन की ऑफलाइन प्रक्रिया को रोक दिया गया था। यह प्रक्रिया शुरू होने से नागरिकों को राहत मिलेगी। नगर निगम की इस प्रक्रिया से नागरिकों को राहत तो मिलेगी ही औैर साथ में निगम कार्यालयों में प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आने वाले नागरिकों की भीड़ भी नही रहेगी। नगर आयुक्त महेंन्द्र सिंह तंवर के निर्देश पर सोमवार को जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र कार्यशैली को और अधिक सरल बनाने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बैठक की गर्ई। बैठक जन्म-मृत्यु प्रमाण बनवाने में नागरिकों को हो रही परेशानियों को सरल करने के लिए निगम मुख्यालय समेत निगम के पांचो जोनल कार्यालयों में ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया के लिए पेटी को रखा गया। जिससे अभिभावक जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र संबधित दस्तावेज पेटी में डालकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते है।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार ने बताया कि शहर वासियों की सुविधाओं को देखते हुए ऑफलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत 7 दिन के अंदर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिया जाएगा। चिकित्सालयों में मृत्यु के उपरांत 48 घंटे में ऑनलाइन प्रक्रिया के अंतर्गत अभिभावकों को मृत्यु प्रमाण पत्र हॉस्पिटल के माध्यम से से ही उपलब्ध कराया जाएगा। जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए किसी भी जानकारी के लिए गाजियाबाद नगर निगम द्वारा हेल्पलाइन नंबर 18001803012, 2800750, 4632100 से 4632139,2790369 एवं 4216108 पर कार्य दिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जानकारी प्राप्त हो सकेगी। बैठक में पांचों जोनों के सफाई निरीक्षक व अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहें।