भाजपा पार्षद ने हेड माली को दी गाली, कर्मचारियों एवं मालियों ने निगम पर दिया धरना

गाजियाबाद। नगर निगम के वार्ड-10 के भाजपा पार्षद यशपाल पहलवान द्वारा फोन पर निगम के उद्यान विभाग के हेड माली को फोन पर गाली-गलौच करने के विरोध में निगम के कर्मचारियों एवं मालियों ने नगर निगम मुख्यालय के पार्क में मंगलवार को धरना दे दिया। आरोप है कि पार्षद ने अशोभनीय तरीके से बात की और गाली दीं। सूचना मिलते ही सभी कर्मचारी नगर निगम मुख्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए।
निगम कर्मचारियों ने मांग रखी कि पार्षद के माफी मांगने तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने अपनी मांग संबंधित मेयर आशा शर्मा को संबोधित ज्ञापन अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार यादव को सौंपा। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि वार्ड-10 में पार्कों की साफ सफाई के लिए माली भेजने थे। नगर निगम में हेड माली के पद पर तैनात राजेंद्र पंडित ने बताया कि वार्ड 10 में कार्य के लिए पांच माली भेजने थे।

एक माली की तबीयत खराब हो गई और दूसरे को उसकी भतीजी की शादी में जाना पड़ा इसलिए मंगलवार सुबह तीन माली उन्होंने वार्ड-10 मोहननगर में भेज दिए हैं। आरोप है कि वार्ड-10 के भाजपा पार्षद यशपाल पहलवान ने उन्हें फोन किया दो माली न भेजने की बात सुनने से पहले ही पार्षद ने गाली-गलौच शुरू कर दी। पार्षद ने कहा कि इस तरह की बात ना किया कर। राजेंद्र ने विरोध किया तो अशोभनीय तरीके से बात भी की। नगर निगम कर्मचारी संघ के अध्यक्ष रविंद्र कुमार का कहना है कि पार्षदों को किसी भी कार्य के लिए अधिकारियों से संपर्क करना चाहिए।

बावजूद इसके हेड माली पर दबाव बनाकर अपने निजी कार्य के लिए माली मंगवाए और फिर अभद्रता गाली-गलौज भी की गई। यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजेंद्र, संघ के महामंत्री संजय शर्मा, नितिन आदि का कहना है कि यदि पार्षद यशपाल पहलवान ने माफी नहीं मांगी तो वह थाना साहिबाबाद और एसएसपी को भी शिकायत देंगे। धरने में नितिन भारद्वाज,अनिल त्यागी,राकेश यादव, निजामुद्दीन, सुनील, यशपाल, वरिष्ठ लिपिक चौब सिंह, अरविंद त्यागी, विनोद त्यागी, विशाल गौरव समेत 100 से अधिक महिला एवं पुरूष कर्मचारी पार्क में धरने पर बैठे रहे। नगर निगम के सभी वार्ड के मालियों ने पार्षद के इस व्यवहार के खिलाफ कामकाज ठप कर प्रदर्शन किया।