स्नातक सीट चुनाव के लिए भाजपा पार्षद ने मांगे वोट

केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जनता हो रही लाभांवित: मनोज गोयल

गाजियाबाद। सहारनपुर-मेरठ शिक्षक व स्नातक सीट पर इस बार भी चुनाव रोमांचक होगा। शिक्षक सीट का वर्चस्व और स्नातक सीट पर भी लड़ाई अहम है। बढ़े हुए मतदाता चुनाव की दिशा-दशा तय करने के साथ ही भाजपा की रणनीति की सफलता-असफलता का पैमाना भी बनेंगे। स्नातक चुनाव में जहां दिनेश गोयल है तो वहीं शिक्षक सीट पर श्रीचंद शर्मा इस बार अपनी किस्मत अजमा रहे हैं। स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव में वोटरों को रिझाने और उनतक पहुंच बनाने के लिए भाजपा कोई कसर नहीं छोडऩा चाहती है।

पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, मतदाताओं को रिझाने में जुटे हैं। उनके घर तक पर्ची पहुंचाई जा रही है, तो उन्हें अपने पक्ष में मतदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। सिर्फ एक दिन बाद कल यानि एक दिसंबर को खंड स्नातक एवं शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान होना है। क्षेत्रवार मतदान की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए पार्टी के दिग्गजों के साथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंप रखी है। पोलिंग स्टेशन की मजबूती पर सबसे ज्यादा जोर दिया जा रहा है। मतदान वाले दिन मतदाताओं को घरों से निकालने और पोलिंग स्टेशन तक पहुंचाने के लिए टोलियां बना दी गई है। इससे पहले घर-घर मतदाता पर्ची पहुंचाई जा रही है।

मतदाताओं को केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार द्वारा हर वर्ग के लिए किए जा रहे कार्य बताए जा रहे हैं, तो शिक्षाक्षेत्र के लिए किए गए प्रयास गिनाए जा रहे हैं। इसी कडी में रविवार को वार्ड-72 भाजपा पार्षद मनोज गोयल 1 दिसंबर को होने वाले एमएलसी स्नातक चुनाव के लिए घर-घर वोटर स्लिप बांटकर भाजपा प्रत्याशी दिनेश गोयल के लिए वोट करने की अपील कर रहे हैं। पार्षद मनोज गोयल ने वोटर स्लिप बांटते हुए लोगों को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनियाभर में देश का मान बढ़ाया है। देश विकास की राह पर रफ्तार के साथ दौड़ रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जनता लाभांवित हो रही है। आज देश विकास की रफ्तार में तेजी के साथ दौड़ रहा है। परंतु विरोधी दल बौखला कर अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। 1 दिसंबर को भाजपा प्रत्याशी को वोट कर भाजपा को ओर मजबूत बनाने का काम करें। इस दौरान भाजपा नेता अवधेश कटियार, शिव शंकर उपाध्याय, मंडल मंत्री शुभम सिंह, वार्ड सचिव विनोद कुमार उपस्थित रहे।