भाजपा पार्षद ने वैशाली में लगाया दो दिवसीय योगा कैंप

-स्वस्थ शरीर के लिए नियमित योग जरूरी: नीरू अग्रवाल

गाजियाबाद। शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक सुख व आध्यात्मिक प्रगति के लिए योग जरूरी है। योग से बीमारियों को दूरकर खुद को स्वस्थ रख जा सकता है। योग से नैतिकता का विकास होता है और शाश्वत मूल्यों को विकसित किया जा सकता है। यदि शरीर और मन को स्वस्थ रखना है तो हमें योग की शरण में जाना होगा। यह बातें शनिवार को सेक्टर-2 राम वाटिका पार्क में आयोजित योगा कैंप में साधकों को योग की जानकारी देते हुए पतंजलि विद्यापीठ अंबाला जिले की अध्यक्ष नीरू अग्रवाल ने कहीं। उन्होंने कहा मानव जन्म हमें जो मिला है, उसे सार्थक बनाएं क्योंकि इतना सुंदर जीवन हमने प्राप्त किया है। पांचों तत्वों में से किसी भी तत्व की कमी या अधिकता जीवन को असंतुलित कर देती है और यह प्रभाव विनाश की ओर ले जाता है। पूर्व में मेरा वजन 102 किलो था। योग द्वारा अपने वजन को 40 किलो कम किया है। पार्षद मनोज गोयल ने कहा कि नीरू अग्रवाल को इसके लिए योग गुरु बाबा रामदेव द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। क्षेत्र के लोगों के विशेष आग्रह पर दो दिवसीय कैंप सुबह और शाम सेक्टर-2 वैशाली में आयोजित किया जा रहा है। इस मौके पर समाजसेवी सुभाष शर्मा, पार्षद मनोज गोयल, घनश्याम गुप्ता, प्रमोद सिंघल, अनीता, कुसुम गोयल, कृतिका, कमल, कामिनी सहित क्षेत्र के लोग काफी संख्या में उपस्थित रहे।