कार पर झंडा और गले में पटका पहन गुंडागर्दी कर रही भाजपा: त्रिलोक त्यागी

-प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था चौपट, अरबों रुपए फूंकने के बाद भी नही हुआ सुधार

गाजियाबाद। भाजपा सरकार प्राइमरी स्कूलों को पूंजीपतियों को सौंपने की तैयारी कर रही है। भाजपा ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है। मिशन कायाकल्प के नाम पर करोड़ों, अरबों रुपए फूंकने के बाद भी सरकारी स्कूलों के हालात में कोई सुधार नहीं हुआ है। ठेका-पट्टे के मुनाफे में उलझे भाजपाइयों के चेहरे बेनकाब हो रहे हैं। उक्त बातें सोमवार को राजनगर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान रालोद के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने कहीं। उन्होंने नोएडा प्रकरण में श्रीकांत त्यागी चर्चित हुए श्रीकांत त्यागी के मामले में भाजपा सरकार को गुंडा बताया। त्रिलोक त्यागी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि वे 15 दिन में गन्ना किसानों के बकाए का भुगतान कराएंगे। गन्ने का नया सत्र शुरू होने वाला है और आज भी मोदीनगर शुगर मिल पर गन्ना किसानों का 183 करोड़ रुपया बकाया है। केंद्र और प्रदेश की सरकार सिर्फ झूठे नारों और वादों से ही गुमराह करने में लगी है। सरकार की जीरो टालरेंस नीति भी अब तमाम वादों की तरह नकली साबित हो रही है।

उत्तर प्रदेश में प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई है। मिड-डे मिल पर को भी भाजपा सरकार की नाक के नीचे चल रहा करोड़ों का घोटाला बताया। रालोद नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव होने वाले हैं। गाजियाबाद की बात की जाए तो यहां नगर निगम पर पिछले 25 सालों से भाजपा का ही कब्जा है। आरोप लगाया कि भाजपा और उसके दलालों ने गाजियाबाद को विकास के नाम पर पूरी तरह से नरक बना दिया है। आज हजारों गुंडे अपनी कारों पर भाजपा का झंडा लगाकर और गले में भाजपा का पटका डालकर खुलेआम गुंडागर्दी करते घूम रहे है। रालोद नेता ने कहा कि चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में लड़ा जाएगा। प्रेसवार्ता के दौरान जिला पंचायत सदस्य अमित त्यागी, रालोद प्रवक्ता चौधरी अजयवीर एडवोकेट, पूर्व जिलाध्यक्ष मनवीर सिंह, कमल जाटव, ओडी त्यागी, रेखा चौधरी, सामंत सेखरी आदि रालोद नेता मौजूद रहे।