अटल बिहारी वाजपेई की जयंती पर सुशासन/किसान गोष्ठी दिवस का आयोजन
गाजियाबाद। जनपद में आज 24 स्थानों पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की जयंती के अवसर पर सुशासन/किसान गोष्ठी दिवस के कार्यक्रम किए गए। इस दौरान जनपद के 35 हजार किसानों के खातों में पीएम किसान सम्मान निधि की 7वीं किस्त भी पहुंच गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किसानों को दिखाया गया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय के नेतृत्व में सुशासन दिवस के अवसर पर जनपद के समस्त ब्लॉकों में कृषि विभाग के तत्वावधान में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। सहकारिता विभाग के माध्यम से जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी कार्यक्रम किए गए। किसानों के हितार्थ संचालित योजनाओं की व्यापक जानकारी उपलब्ध कराई गई। रजापुर विकास खंड में में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं सांसद वी.के. सिंह, राज्य सभा सांसद अनिल अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने प्रतिभाग किया। 
केंद्रीय मंत्री एवं सांसद वी.के. सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अटल जी के सुशासन के सपनों को साकार कर रहे हैं। सब्सिडी किसानों के खातों में सीधे ट्रांसफर हो रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त हो गई। किसानों की आय दोगुना करने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, परंपरागत कृषि विकास योजना, कृषक उत्पादक संगठन, सबमिशन आन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना, बीज ग्राम योजना, सबमिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन, वर्मी कंपोस्ट योजना के बारे में बताया। वहीं, लोनी में राज्यसभा सांसद अरुण सिंह एवं क्षेत्रीय विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने किसान गोष्ठी एवं सुशासन दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। 
जिला कृषि अधिकारी राकेश कुमार ने कार्यक्रम का संचालन किया। ब्लॉक भोजपुर में मुख्य अतिथि डॉ. अनिल जैन राज्यसभा सांसद, क्षेत्रीय विधायक मंजू शिवाच, ब्लॉक प्रमुख कृष्ण वीर चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अविनाश गुप्ता ने किया। 
मुरादनगर ब्लॉक में भी सुशासन दिवस एवं कृषक गोष्ठी का आयोजन किया गया। सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों द्वारा स्थानीय किसानों को भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। सभी किसानों का आह्वान किया गया कि सरकार निरंतर रूप से किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है।
















