गाजियाबाद। लोनी विधान सभा क्षेत्र में भाजपा की आंतरिक कलह खुलकर सामने आ चुकी है। लोनी नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रंजीता धामा एवं उनके पति पूर्व चेयरमैन मनोज धामा ने भाजपा से किनारा कर लिया है। धामा दंपति ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। रंजीता धामा ने लोनी सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी है। रंजीता गुरुवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। उनके भाजपा छोड़ने से भाजपा को नुकसान होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है।
बुधवार को लोनी नगर पालिका परिषद की चेयरमैन रंजीता धामा ने लोनी सीट से भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को फिर से टिकट दिए जाने के विरोध में भाजपा से त्याग पत्र दे दिया। रंजीता धामा ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को पत्र लिखकर अपना एवं पूर्व चेयरमैन मनोज धामा का पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्याग पत्र स्वीकार करने का आग्रह करते हुए पत्र भेजा है। रंजीता धामा ने पत्र में कहा कि उनके पति पूर्व चेयरमैन मनोज धामा को विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने झूठे केस लगवाकर जेल भिजवाने का काम किया है।
इससे हमारे मान-सम्मान और समर्थकों को ठेस पहुंचाने का काम किया गया।इस मामले में जिलाध्यक्ष समेत संगठन के पदाधिकारियों को पहले ही अवगत कराया गया। रंजीता धामा ने ऐलान किया कि लोनी की 36 बिरादरी का उन्हें समर्थन प्राप्त है। गुरूवार को रंजीता धामा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में लोनी विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल करेंगी। उन्होंने कहा कि चुनाव लड़कर उन लोगों खासकर नंदकिशोर गुर्जर को जवाब देंगी। जिन्होंने उनके पति मनोज धामा को झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने का काम किया है। लोनी की देवतुल्य जनता उनके एवं मनोज धामा के साथ है। जनता के सहयोग से वह विधानसभा चुनाव में जीत का परचम लहराने का काम करेंगी।
















