जनता की जेब पर भाजपा ने डाला डाका: रागिनी नायक

-कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में किया डोर टू डोर प्रचार

गाजियाबाद। कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और फायरब्रांड नेता रागिनी नायक ने शनिवार को साहिबाबाद विधानसभा से कांग्रेस की प्रत्याशी संगीता त्यागी के समर्थन में डोर टू डोर प्रचार किया। रागिनी नायक न्यू हिंडन विहार में प्रत्याशी संगीता त्यागी के साथ पहुंची, जहां उन्हें भारी जनसमर्थन मिला। रागिनी नायक ने प्रचार करते हुए यहां जन समस्याओं को सुना। उन्होंने घर-घर जाकर क्षेत्रवासियों की समस्याओं को जाना। क्षेत्र की जनता ने टूटी हुई सड़कें, जगह-जगह जलभराव व कानून व्यवस्था की बेहद गंभीर समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। यहां पर मातृशक्ति ने रागिनी नायक जी और कांग्रेस की प्रत्याशी संगीता त्यागी जी के साथ कंधें से कंधा मिलाकर सहयोग किया, उन्होंने अपनी रोजमर्रा की दिक्कतों से अवगत कराया महिलाओं ने बेतहाशा बढ़ती हुई महंगाई के चलते घर चलाने में आ रही दिक्कतों का मुद्दा उठाया। इस पर कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता रागिनी नायक ने उनसे वादा किया कि जैसे ही कांग्रेस के प्रत्याशी संगीता त्यागी साहिबाबाद क्षेत्र से चुनकर आती हैं। वह सबसे पहले यहां सड़कों की व्यवस्था सीवर लाइन का काम करवाएंगी।

महंगाई के मुद्दे पर रागिनी नायक ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश की सरकार ने महंगाई को इतना बढ़ा दिया है कि घर चलाना भी मुश्किल हो गया है, उन्होंने यहां महिलाओं को आश्वासन दिया और बताया कि कांग्रेस पार्टी ने अपने प्रतिज्ञा पत्र में महंगाई से छुटकारा दिलाने का वचन दिया है। प्रत्याशी संगीता त्यागी ने भी जनता से वादा किया कि उनकी समस्याओं का निदान करने के लिए पूरा संघर्ष करेंगी, साहिबाबाद क्षेत्र में शिक्षा को बेहतर करने के लिए डिग्री कॉलेज और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने के लिए सरकारी अस्पताल बनाया जाएगा, पेयजल की समस्या का निस्तारण किया जाएगा। इस दौरान सीए विनय मित्तल एवं नवनीत शर्मा, पूजा मेहता, पूजा चड्ढा, आरिफ राजा, नासिर प्रमुख, अहसान अली, संजय त्यागी, अनीता हरि राव, शाइना शरीफ, जगत बिष्ट, अमित गौड, सौरभ राय, विनोद त्यागी, अशोक त्यागी, अंबरीश त्यागी आदि मौजूद रहे।