उत्तर प्रदेश में भाजपा दोबारा लिखेगी इतिहास : सरदार एसपी सिंह

गाजियाबाद। अल्पसंख्यक आयोग उत्तर प्रदेश के पूर्व सदस्य व भाजपा के वरिष्ठ नेता सरदार एसपी सिंह ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा विधानसभा के प्रथम व द्वितीय चरण के लिए प्रत्याशियों की घोषणा पर व गाजियाबाद के सभी विधायकों को पुन: प्रत्याशी बनाये जाने व पंजाबी समाज से राजीव गुम्बर को सहारनपुर से प्रत्याशी बनाने पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में भाजपा पूर्ण बहुमत से प्रदेश में पुन: सरकार बनायेगी। श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में योगी के नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों को पूर्ण सम्मान मिला है और सभी वर्गों का समुचित विकास कराया गया है। पहली बार किसी मुख्यमंत्री द्वारा अपने आवास में सिक्ख गुरुओं को पूरा सम्मान देते हुए गुरुपर्वों पर कीर्तन दरबार का आयोजन कराया गया और छोटे साहिबजादों की शहादत को पाठ्यक्रम में शामिल करने की बात कही। गुरु तेग बहादुर जी की शहादत पर प्रदेश के कई जिलों में बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित कराकर उनके द्वारा मानवता व भाईचारे को बढ़ावा देने की शिक्षा से युवाओं को प्रेरित करने का कार्य भी किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में गत पांच वर्षों में प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ और प्रदेश में भयमुक्त व शांति का वातावरण बना है। ऐसे में जनता एक बार फिर से योगी को पुन: मुख्यमंत्री बनाने व प्रदेश में भाजपा सरकार बनाने का मन बना चुकी है। गाजियाबाद से पांचों प्रत्याशी पुन: भारी मतों से जीतकर दोबारा इतिहास लिखेंगे। यूपी पहले बीमारू प्रदेश के रूप में जाना जाना था जो अब नहीं है।