साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में पूर्व पार्षद ने शुरू किया मिशन
गाजियाबाद। साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में भाजपा को फिलवक्त वैश्य, पूर्वांचल एवं बिहार समाज के मतदाताओं के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। मौजूदा विधायक सुनील शर्मा को टिकट दिए जाने से वह काफी खफा हैं। ऐसे में पार्टी ने ड्रैमेज कंट्रोल की अह्म जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता एवं पूर्व पार्षद एस.पी. सिंह को सौंपी है। एस.पी. सिंह न सिर्फ अच्छा राजनीतिक अनुभव रखते हैं बल्कि पूर्वांचल समाज पर भी अच्छी पकड़ रखते हैं। इस समाज के बुद्धिजीवियों से वह निरंतर संपर्क में रहते हैं।
चुनाव के ऐन मौके पर जब पूर्वांचल समाज ने भाजपा प्रत्याशी के विरोध में आवाज बुलंद कर रखी है तब पार्टी ने पूर्व पार्षद एस.पी. सिंह को इस मामले से पारे पाने के लिए सबसे उपयुक्त माना है। श्यामपार्क एक्सटेंशन निवासी सिंह का साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में अच्छा प्रभाव है। पूर्वांचल समाज के बीच उन्हें काफी सम्मानजनक दृष्टि से देखा जाता है। वह अपने दम पर न सिर्फ पार्षद पद का चुनाव जीते थे बल्कि बाद में उनकी पत्नी कुसुम सिंह भी पार्षद चुनी गई थीं। साहिबाबाद सीट भाजपा के लिए बेहद अह्म है।
पिछले विधान सभा चुनाव में भाजपा ने इस सीट पर रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज कर दिल्ली से लखनऊ तक सुर्खियां बटोरी थीं। भाजपा प्रत्याशी सुनील शर्मा ने कांग्रेस उम्मीदवार अमरपाल शर्मा को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से पराजित किया था। समय का संयोग देखिए कि इस सीट पर सुनील शर्मा और अमरपाल शर्मा एक बार फिर आमने-सामने हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि अमरपाल इस बार सपा-रालोद गठबंधन से चुनाव मैदान में उतरे हैं। उधर, पूर्वांचल समाज को भाजपा का परंपरागत वोट बैंक माना जाता है।
हालाकि वर्तमान में यह समाज भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ खुलकर बोल रहा है। ऐसे समय में पार्टी ने एस.पी. सिंह को ड्रैमेज कंट्रोल की कमान काफी सोच-विचार कर सौंपी है। सिंह ने अपना मिशन भी शुरू कर दिया है। शुरुआती तौर पर वह कामयाब होते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने पूर्वांचल समाज के असंतुष्ट नागरिकों के साथ विस्तार से चर्चा की है। इसके सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिलेंगे।
अपने मिशन में यदि वह पूर्णत: कामयाब हो जाते हैं तो निश्चित रूप से पार्टी में उनका कद और ज्यादा बढ़ जाएगा। एस.पी. सिंह का कहना है कि साहिबाबाद विधान सभा क्षेत्र में पूर्वांचल समाज बेशक भाजपा प्रत्याशी से रूट है, मगर देर-सवेर वह मान जाएगा। समाज के नागरिकों की नाराजगी दूर करने की हरसंभव कोशिश की जा रही है। चूंकि सुनील शर्मा अच्छी छवि के उम्मीदवार हैं। पूर्वांचल समाज की गलत-फहमी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।
















