गाजियाबाद। जनपद गाजियाबाद में ब्लैक फंगस (म्यूकोर मायकोसिस) के मरीजों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। ब्लैक फंगस के मरीजों की संख्या बढ़कर 53 हो गई। इनमें 5 मरीजों की हालत गंभीर है। ब्लैक फंगस के मरीजों को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा रिपोर्ट तैयार की जा रही है। इन 5 मरीजों में से 2 का मेडिकल कॉलेज मेरठ और 3 का यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा हैं। इसके अलावा व्हाइट फंगस के भी 8 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना को हराने वाले गंभीर रोगियों की निगरानी तेज कर दी है। ऐसे लोगों की संख्या 5000 है। विभाग का मानना है कि पहले से ही गंभीर रोगों से ग्रसित ऐसे लोगों की निगरानी के लिए 10 टीमों का गठन कर दिया गया है। सुबह-शाम इनकी सेहत की जानकारी मोबाइल के जरिए ली जाएगी। यदि किसी में ब्लैक फंगस के लक्षण दिखते हैं तो उसे कोविड अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। ब्लैक फंगस से पीडि़त 12 मरीज ठीक होकर घर पहुंच गए हैं। शेष 41 मरीजों का विभिन्न निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सीएमओ डॉ.एनके गुप्ता का कहना है कि जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराने के लिए दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। ब्लैक फंगस के मरीजों की भी अब निजी अस्पतालों से रोजाना सूची मंगाई जा रही है। ब्लैक फंगस के बाद अब व्हाइट फंगस के मरीजों की हालत में थोड़ा सुधार है,मगर ब्लैक फंगस के साथ ही व्हाइट फंगस के मरीज मिलने से अब स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढऩे लगी है। निजी अस्पताल में पहुंचे व्हाइट फंगस के 8 मरीजों की पुष्टि हुई है। इन सभी की हालत ठीक है। इन सभी मरीजों का अस्पतालों में उपचार जारी है। व्हाइट और ब्लैक फंगस के मामले अब धीरे धीरे बढऩे शुरू होने के चलते प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारी तेज कर दी है। ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।
















