कोरोना संक्रमण रोकने में उखड़ी सरकारी तंत्र की सांसे

-न मरीजों की संख्या रूक रही न ही मौतों का सिलसिला

गाजियाबाद। जनपद में कोरोना संक्रमण की रोकथाम में सरकारी तंत्र बिल्कुल नाकाम नजर आ रहा है। कोरोना पॉजिटिव केस निरंतर बढऩे के साथ मरीजों की मौतें होने का सिलसिला भी जारी है। सरकारी एवं निजी अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं है। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के दावों के विपरित कोरोना संक्रमित मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। जिले में 42 कोविड अस्पताल बनाए गए हैं, मगर इनमें बेड और ऑक्सीजन कोरोना संक्रमित मरीजों को नहीं मिल पा रहे हैं। हालात यह है कि संक्रमित होने के बाद जहां गुरूवार को जिले में 8 लोगों की मौत हुई थी,वहीं,शुक्रवार को कोरोना संक्रमित 815 मरीज मिले। वहीं, 5 लोगों की मौत की पुष्टि की गई। जबकि कविनगर स्थित सर्वोदय अस्पताल में ही 4 लोगों की मौत हुई। मेरठ मंडल के मंडलायुक्त सुरेंद्र सिंह ने जिलाधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए है। बावजूद इसके जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों को सुविधा नहीं मिल पा रही है,परिजन अपनों की जान बचाने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लैक में खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। कोरोना के कहर की वजह से जहां मौत का आंकड़ा बढ़ रहा है। वहीं,ऑक्सीजन और अस्पतालों में बेड को लेकर हा-हाकार मच रहा है। जिले में रोजाना करीब 7 हजार सिलेंडर की जरूरत है,मगर 4 हजार तक ही सिलेंडर मिल रहे है। आलम यह है कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कोरोना संक्रमित मरीजों को पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध नहीं करा पा रहा है। जिले में 3 हजार सिलेंडर की कमी है, कोरोना संक्रमित मरीजों होम आइसोलेशन के साथ अस्पतालोंं में भर्ती है। मगर इनमें से करीब 20 फीसद को ही ऑक्सीजन दी जा रही है। बाकी मरीजों को भर्ती कराया जाना है। कोविड अस्पतालों में गंभीर मरीजों के साथ ही एल-2 स्तर के मरीजों को भी ऑक्सीजन दी जा रही है। ऐसे में जिले में ऑक्सीजन की मांग बढ़ जाने के बाद इंतजाम नाकाम हो रहे है। मरीजों की बात करें तो सामान्य कोविड अस्पताल में बेड-679 और मरीज भर्ती-576, ऑक्सीजन- 664, भर्ती-542, आईसीयू में 766,149 भर्ती,वेंटिलेटर 64 भर्ती मरीज 53 है। जिले में अस्पतालों में बेड और ऑक्सीजन को लेकर मरीजों को पर्याप्त नहीं मिल रहे है। सीएमओ डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार को जिले में कोरोना संक्रमित 815 मरीज मिले है,पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 175 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। जबकि कोरोना संक्रमित 5 लोगों की मौत हुई है।जिले में अब तक 128 महिला-पुरूषों की कोरोना संक्रमित होने के बाद मौत हो गई हैं। वर्तमान में कोरोना के एक्टिव केस 5425 है।
कोविड अस्पताल हाउस फुल, भटक रहे मरीज
जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते कहा कि जिले में कोविड अस्पतालों में बेड बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे है। जनपद के 42 कोविड अस्पतालों में 3000 बेड और 586 आईसीयू बेड है। कोरोना से बचाव के लिए संयमित रहकर ही अपना बचाव करें। जिले में अब तक 42 निजी और सरकारी कोविड अस्पताल बनाए जा चुके हैं। इन सभी अस्पतालों में कुल 3000 बेड और 586 आईसीयू बेड हैं। शुक्रवार को इन सभी अस्पतालों में कुल मिलाकर 628 बेड और 26 आईसीयू बेड उपलब्ध थे। 2349 बेड और 560 आईसीयू बेड व्यस्त थे।जिलाधिकारी ने जनपद वासियों से अपील करते हुए कहा कि संयमित रहकर अपना बचाव करें। प्रशासन हर संभव प्रयास करने में जुटा है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके गुप्ता ने बताया कि प्रशासन के सहयोग से लगातार बेड की संख्या बढ़ाने में लगे हैं।कुल 42 सरकारी और निजी कोविड अस्पताल काम कर रहे हैं। इनमें कुल मिलाकर 3000 सामान्य बेड हैं और गंभीर मरीजों के लिए 586 आईसीयू बेड की व्यवस्था की गई है,इनमें से 2349 बेड और 560 आईसीयू बेड पर मरीज भर्ती हैं। सीएमओ ने कहा वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए हमें बहुत ज्यादा सचेत रहने की जरूरत है। सावधानी में कोई चूक न करें और केवल बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।सरकारी स्तर पर 400 बेड का एल-3 संतोष अस्पताल के अलावा एल-2 स्तर का 100 बेड वाला जिला संयुक्त चिकित्सालय,78 बेड वाला ईएसआईसी हॉस्पिटल राजेंद्रनगर और 340 बेड वाला पिलखुवा स्थित रामा मेडिकल कॉलेज संचालित है। सरकारी कोविड अस्पतालों में कुल 140 आईसीयू बेड की व्यवस्था है। ईएसआईसी अस्पताल में आईसीयू बेड की व्यवस्था नहीं है। सरकारी स्तर पर आईसीयू बेड की स्थिति की बात करें तो शुक्रवार को केवल रामा मेडिकल कॉलेज में 10 आईसीयू बेड उपलब्ध थे। इनके अलावा निजी कोविड अस्पतालों में यशोदा अस्पताल नेहरू नगर,यशोदा अस्पताल कौशांबी,मैक्स,ली क्रेस्ट, फ्लोरिस,गणेश,नरेंद्र मोहन,गायत्री,आलोकी अस्पताल,नवीन अस्पताल वैशाली, अटलांटा,पल्मोनिक,हीलिंग ट्री हॉस्पिटल,पैलेटिव,चंद्रलक्ष्मी,सुशीला,मेधा,मेरठ रोड स्थित नवीन हॉस्पिटल,एसआर,सर्वोदय,साईं संजीवनी,अवंतिका,जीवन ज्योति,क्लीयर मेडी हॉस्पिटल,कमल,पारस,पन्नालाल श्यामलाल,स्पर्श, मीनाक्षी, शांतिगोपाल,संतोष स्पेशियलिटी,नंदग्राम अस्पताल, एलवाईएफ, विनायक, शिवम,प्रेम धरम, कोलंबिया एशिया, श्रेया अस्पताल शामिल हैं। शिवम,प्रेम धरम,कोलंबिया एशिया, श्रेया अस्पताल में हाल ही में कोविड उपचार की अनुमित प्रदान की गई है। नरेंद्र मोहन हॉस्पिटल में 6, पल्मोनिक में 4 आईसीयू बेड, अटलांटा में 3 आईसीयू बेड उपलब्ध हैं।