राजनगर एक्सटेंशन में दोबारा चलेगा बुलडोजर, जीडीए हटाएगा सड़क किनारे अतिक्रमण

– 45 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क निर्माण में अतिक्रमण बन रहा रोड़ा, उपाध्यक्ष के निर्देश पर फिर चलेगा अभियान
– ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था से मिलेगी राहत, अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की तैयारी पूरी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) एक बार फिर राजनगर एक्सटेंशन की बंधा रोड पर अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त एक्शन मोड में आ गया है। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर 45 मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के मार्ग में आ रहे अवैध निर्माणों और अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रवर्तन टीम जल्द ही दोबारा अभियान चलाने जा रही है। गौरतलब है कि गुरुवार को जीडीए की प्रवर्तन जोन-1 की टीम ने मेरठ रोड से लेकर राजनगर एक्सटेंशन बंधा रोड तक अभियान चलाया था, जिसमें दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर किए गए अवैध अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त किया गया।

इस दौरान टीम को कुछ स्थानों पर विरोध का भी सामना करना पड़ा, लेकिन नंदग्राम पुलिस और जीडीए पुलिस बल की सतर्कता से हालात नियंत्रण में रहे। जीडीए के अपर सचिव एवं नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मेरठ रोड से राजनगर एक्सटेंशन को जोडऩे वाली 45 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कार्य प्रस्तावित है। इस निर्माण के लिए पहले ही साढ़े चार किलोमीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। शेष बचे अतिक्रमणों को हटाने के लिए चिन्हांकन किया जा चुका है और जल्द ही दोबारा से एक सघन अभियान चलाया जाएगा। राजनगर एक्सटेंशन की अन्य संपर्क सड़कों का निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। जीडीए का उद्देश्य शहर को एक सुव्यवस्थित यातायात प्रणाली और बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

स्थायी और अस्थायी निर्माणों पर चलेगा बुलडोजर
अधिकारियों के मुताबिक, इस रोड पर कई स्थायी और अस्थायी निर्माण ऐसे हैं, जो यातायात को बाधित कर रहे हैं। ये अतिक्रमण न केवल ट्रैफिक जाम का कारण बनते हैं बल्कि आगजनी जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में भी खतरा उत्पन्न कर सकते हैं। ट्रैफिक पुलिस द्वारा भी जीडीए को इस संबंध में पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया गया था।

30 मई की समीक्षा बैठक में लिया गया फैसला
जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने 30 मई को हुई समीक्षा बैठक में इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार करते हुए सड़क के दोनों ओर से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद प्रवर्तन विभाग हरकत में आया और चरणबद्ध तरीके से अभियान की रणनीति बनाई जा रही है।

लोगों को मिलेगी राहत, यातायात होगा सुगम
स्थानीय निवासी लंबे समय से इस इलाके में ट्रैफिक जाम और पैदल चलने में हो रही परेशानी को लेकर शिकायत करते आ रहे हैं। जीडीए के अनुसार, सड़क को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर दिए जाने के बाद हजारों लोगों को राहत मिलेगी और आवागमन पहले की तुलना में कहीं अधिक सुगम हो सकेगा।