जून के अंत तक शहरवासियों को मिलेगी नगर निगम ऑडिटोरियम की सौंगात

-नगर आयुक्त ने लिया ऑडिटोरियम का जायजा
-विशेष कलाकृति के साथ पौधे बढाएंगे ऑडिटोरियम की शोभा

गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा निर्माणाधीन शहर के सबसे बड़े ऑडिटोरियम का कार्य प्रगति पर है। नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर द्वारा समय-समय पर ऑडिटोरियम के निर्माण कार्य का जायजा लिया जाता है। नेहरूनगर सेकेंड स्थित शहर का सबसे बड़ा एवं वातानुकूलित ऑडिटोरियम की अब शहरवासियों को जून अंत तक सौगात मिल जाएगी। नगर निगम ने ऑडिटोरियम का जहां लगभग 95 फीसदी निर्माण पूरा करा लिया है। वहीं, फिनिशिंग,लाइटिंग आदि कार्य भी जल्द पूरे हो जाएंगे। सोमवार को नगर आयुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने एसबीएम के नोडल अधिकारी अरूण कुमार मिश्रा,चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन खान, उद्यान प्रभारी डॉ.अनुज कुमार सिंह आदि के साथ ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया।
नगरायुक्त महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि ऑडिटोरियम में योजनाबद्ध तरीके से निर्माण कार्य कराया जा रहा है। शहर की शोभा बढ़ाने वाला ऑडिटोरियम जिसमें लगभग 900 लोगों के लिए बैठने की व्यवस्था की गई है। ऑडिटोरियम पूर्ण रूप से वातानुकूलित बनाया जा रहा है। कोविड-19 महामारी के चलते कार्य की गति कुछ धीमी पड़ गई थी, किंतु पुन: ऑडिटोरियम के मेन गेट से लेकर स्टेज की व्यवस्था, लाइटिंग की व्यवस्था, सीटिंग की व्यवस्था, पार्किंग की अंडरग्राउंड व्यवस्था, पौधरोपण कर सौंदर्यीकरण की व्यवस्था कराई जा रही है। जल्द ही शहरवासियों को गाजियाबाद नगर निगम शहर का सबसे सुंदर सबसे बड़ा ऑडिटोरियम सौंपेगा। नगर निगम द्वारा बनाए जाने वाले अन्य प्रोजेक्ट भी तेजी से रफ्तार पकड़ रहे हैं। कोविड-19 महामारी के उपरांत अन्य प्रोजेक्ट में भी निर्माण विभाग द्वारा तेजी से कार्य कराया जा रहा है ताकि कम समय में कार्य पूर्ण कर दिया जाए, जिसमें पॉलिटिकल ट्रेनिंग सेंटर तथा इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन भी शामिल हैं। नेहरू नगर स्थित ऑडिटोरियम शहर के लिए एक सौगात के रूप में रहेगा, जिसकी सुंदरता को बढ़ाकर डिजाइन दार मेन गेट बनाया गया है तथा बेहद खूबसूरत एंट्री का निर्माण किया गया है। उद्यान विभाग द्वारा विशेष कलाकृति दिखाते हुए पौधरोपण किए गए हैं। जिस पर संबंधित टीम द्वारा ऑडिटोरियम को जल्द फाइनल रूप देने के लिए कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पूरा होने के बाद जल्द ही शहरवासियों को सबसे बड़े ऑडिटोरियम की सौगात मिल सकेगी। इसी प्रकार राजनीतिक प्रशिक्षण केंद्र, इलेक्ट्रिक बसों के लिए डिपो एवं बसों के चार्जिंग स्टेशन का कार्य भी तेजी से शुरू कराया गया हैं। ताकि समय पर इनका निर्माण कार्य पूरा हो सके। ऑडिटोरियम की सुंदरता के लिए भव्य डिजाइन में मेन गेट बनाया गया हैं। नगरायुक्त द्वारा कार्य को रफ्तार से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। ताकि निर्माण कार्य पूरा कर जल्द इसका लोकार्पण कराया जा सके।