महिलाओं की सुरक्षा के लिए कप्तान का एक्शन प्लान

83 संवेदनशील स्थानों को किया चिन्हित, सेफ सिटी प्रोजेक्ट के तहत लगवाए जाएंगे कैमरे

पिंक बूथ और पिंक आउटपोस्ट की होगी व्यवस्था

गाजियाबाद। महिला संबंधित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शहर के 83 ऐसे संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां पर महिलाओं के साथ अपराध होने की संभावना है। चिन्हित किए कई स्थानों पर जहां जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे, वहीं पिंक बूथ और पिंक आउटपोस्ट की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही पिंक पेट्रोलिंग के लिए 30 दुपहिया वाहनों एवं 21 थानों के लिए 42 एसयूवी वाहनों की मांग की गई है। सूबे की सरकार महिला संबंधित अपराधों को लेकर काफी गंभीर है। जिसके चलते पुलिस को महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। जिसके तहत पुलिस काम भी कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी के निर्देश पर पुलिस ने शहर के 83 ऐसे संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया है, जहां पर महिलाओं के साथ अपराध होने की संभावना है। चिन्हित किए गए स्थानों पर पिंक बूथ और पिंक आउटपोस्ट की जल्द व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही पेट्रोलिंग के लिए 30 दुपहिया वाहनों स्कूटी तथा जनपद के 21 थानों के लिए 42 एसयूवी वाहनों की मांग शासन से पत्राचार के द्वारा की गई है। जनपद में डार्क जॉन के अंतर्गत 301 स्थानों को चिन्हित कर उचित प्रकाश की व्यवस्था के लिए नगर निगम, नगर पालिका और विद्युत विभाग को लिखा गया है। सेफ सिटी परियोजना के तहत कुल 168 स्थानों का चिन्हीकरण कर जल्द से जल्द सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएंगे। कैमरे लगने के बाद उनकी मॉनिटरिंग के लिए एक इंटीग्रेटेड स्मार्ट कंट्रोल रूम की स्थापना की जाएगी। इस प्रकार महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर काफी हद तक अंकुश लगाया जा सकेगा। पुलिस कप्तान कलानिधि नैथानी का कहना है कि महिलाओं के साथ होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। जिसके चलते ऐसे संवेदनशील स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां पर महिलाओं के साथ अपराध होने की प्रबल संभावना है। चिन्हित किए गए स्थानों पर पुलिस की कड़ी व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही कैमरे और उचित प्रकाश की व्यवस्था शीघ्र की जाएगी। उनका कहना है कि महिलाओं पर होने वाले अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पोक्सो से संबंधित अपराधों पर पुलिस और अभियोजन विभाग द्वारा कार्रवाई करते हुए 11 लोगों को सजा दिलाई गई है। जिन थानों में कार्रवाई के बाद सजा दिलाई गई है, उसने सिहानी गेट, खोडा, कविनगर, भोजपुर, टोनिका सिटी, साहिबाबाद, लोनी बॉर्डर और थाना लिंक रोड शामिल है।