-ट्रैफिक पुलिस ने लगाया 62 हजार रुपए का जुर्माना
गाजियाबाद। बारिश के चलते सड़कों पर तीन गाडिय़ों में सवार युवकों द्वारा शीशे उतारकर स्टंट दिखाना भारी पड़ गया। सड़कों पर बारिश में स्टंट दिखाने वाले लड़कों का वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस ने कार मालिकों पर जुर्माना ठोक दिया। डीआईजी/एसएसपी के अमित पाठक के आदेश पर वीडियो वारयल का संज्ञान लेते हुए ट्रैफिक पुलिस ने तीनों गाडिय़ों के मालिकों पर 62 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है। एसपी ट्रैफिक रामानंद कुशवाहा ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में विजयनगर क्षेत्र में स्कार्पियों,पोलो कार समेत तीन कारों में सवार कुछ लड़के बारिश में हूटर बजाते हुए खिड़की से बाहर निकलकर स्टंट कर रहे है। वीडियो में सामने आया कि अन्य लोगों की जान को खतरा उत्पन्न कर कारों को चला रहे थे। इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए तीनों कार स्वामियों पर 62 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए चालान काटे गए। 
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर कार चलाने पर वाहन चालकों के चालान बनाए गए। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि यूपी-14 बीएच-0801 स्कार्पियो कार स्वामी सूरजपाल सिंह पर सार्वजनिक स्थान पर स्टंट करने पर 5 हजार,बगैर ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने 5 हजार रुपए,ध्वनि प्रदूषण 10 हजार रुपए,बिना बीमा 2 हजार रुपए समेत 22 हजार रुपए का चालान काटा गया। ऐसे ही यूपी-14सीके 0084 कार स्वामी राहुल गुर्जर पर 20 हजार रुपए जुर्माना लगाते हुए चालान किया गया। वहीं,कार नंबर एचआर-51एई-5200 के स्वामी शेखर कुमार पर 20 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए कारों के चालान बनाए गए। तीनों कार स्वामी पर कुल 62 हजार रुपए का जुर्माना लगाते हुए चालान काटे गए। जुर्माने की धनराशि जमा नहीं किए जाने पर इनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कारों को सीज किया जाएगा।
















