-मुहर्रम को लेकर पीस कमेटी की बैठक
गाजियाबाद। मुहर्रम त्यौहार को लेकर जनपद के विभिन्न थानों में शनिवार को पीस कमेटी की बैठक बुलाई गई। बैठक में क्षेत्र के ताजियादार और सभी समुदाय के लोग मौजूद रहे। मुरादनगर थाने में आयोजित बैठक में एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने एएसपी/सीओ सदर आकाश पटेल, थाना प्रभारी की मौजूदगी में कहा कि त्योहारों को सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की परंपरा हम सभी को बनाए रखनी है। त्योहारों का आनंद तभी है जब हम सब मिल बैठकर उस का आनंद लें। इसके साथ ही बताया गया कि किसी भी प्रकार की कोई नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी।

एसपी ग्रामीण ने सरकार के दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराते हुए कहा कि जुलूस में किसी भी प्रकार का शस्त्र लेकर चलना सख्त मना है। सभी लोगों को सरकार की गाइडलाइन माननी पड़ेगी अन्यथा सख्त कार्रवाई निश्चित है। साथ ही अराजक तत्वों या किसी प्रकार का उपद्रव करने वाले की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की। रूट को लेकर भी सख्त चेतावनी दी गई कि निर्धारित रूट पर ही जुलूस निकाला जाए।
एएसपी/सीओ सदर आकाश पटेल ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की शांति व्यवस्था भंग न हो इसको लेकर पुलिस भी जगह जगह भ्रमण कर रही है। यदि आपके आस पास भी कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखायी दे या फिर अराजकता फैलाता हुआ दिखायी दे तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस के सीयूजी नम्बर पर दें।
















