केन्दीय मंत्री ने किया वैक्सीनेशन केन्द्र का उद्घाटन

-वैश्विक महामारी से जनता को बचाना सरकार की प्राथमिकता: वीके सिंह

गाजियाबाद। सभी लोग रोजाना कोरोनारोधी टीका लगवा सकेंगे। सोमवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय,एडीएम सिटी शैलेंद्र कुमार सिंह, साहिबाबाद विधायक सुनील शर्मा,अस्पताल के ऑपरेशन हेड डॉ. गौरव अग्रवाल, वार्ड-76 से पार्षद शिवानी सोलंकी उनके पति गौरव सोलंकी, नरेश भाटी, मनोज गोयल, कुलदीप चौहान, डॉ.रितु वर्मा आदि की मौजूदगी में वैशाली स्थित मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कोरोना टीकाकरण केंद्र का फीता काटकर शुभारंभ किया। जनरल वीके सिंह ने कहा कि टीकाकारण केंद्र पर रोजाना 18 साल से ज्यादा उम्र के अधिक से अधिक वे लोग टीका लगवा सकेंगे। आसपास के क्षेत्रों में रहने वालों को इसका लाभ मिलेगा। भीड़ से बचाव के लिए टीकाकरण केंद्र का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने अस्पताल प्रबंधन को रोजाना 5000 टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके अलावा स:शुल्क 6000 लोगों को कोरोना की वैक्सीन अस्पताल उपलब्ध कराएग। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग दिया जा रहा हैं। अस्पताल द्वारा शाम तक 1 हजार लोगों को वैक्सीन उपलब्ध कराई गई। इसलिए लोग अपनी सुविधा के अनुसार ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पंजीयन कराकर टीका लगवाने की तारीख और समय ले सकते हैं। जनरल वीके सिंह ने कहा कि सभी आरडब्ल्यूए निवासियों को टीके लगवाने में तेजी लाने के लिए इंदिरापुरम के एक स्कूल में भी एक विशाल टीकाकरण केंद्र शुरू किया जाएगा। इसमें रोजाना 4000 लोगों को टीके लगाए जाएंगे। जनरल वी के सिंह ने लोगों से सामाजिक दूरी का पालन करने, डबल मास्क लगाने और समय पर टीकाकरण केंद्र पहुंचने जैसे सभी एहतियातन उपाय बरतने की अपील की है। हम लोगों से अपील करते हैं कि टीकाकरण अभियान को गति देने के लिए प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन को सहयोग करें। इस मुहिम में जिला प्रशासन के साथ डटकर खड़े हैं। कोरोना वायरस पर विजय पाने के लिए टीकाकरण ही एकमात्र उपाय हैं।