गाजियाबाद। छठ महापर्व पर शहर में विभिन्न इलाकों में व्रतियों ने छठ पूजा करते हुए ढलते सूर्य को पानी में खड़े होकर अघ्र्य दिया। प्रदेश सरकार के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग भी महापर्व छठ पूजा पर शहर के कई इलाकों पर पूजा के लिए बनाए गए घाटों पर पहुंचे। राज्यमंत्री अतुल गर्ग बुधवार को विजय नगर में न्यू सैनिक पब्लिक स्कूल,गोकुल धाम आवास एवं विकास परिषद, ई ब्लाक पार्क रामलीला मैदान सेक्टर-11 प्रताप विहार में बना गए घाट पर पहुंचे।
राज्यमंत्री ने माता को पुष्प अर्पित करते हुए पूजा करने के बाद व्यवस्थाएं देखी। राज्यमंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि यह छठ महापर्व मुख्य रूप से ऋषियों द्वारा लिखे गए ऋग्वेद मे सूर्य पूजन, ऊषा पूजन और आर्य परंपरा के अनुसार मनाया जाता हैं। यह त्योहार प्रवासी भारतीयों के साथ-साथ विश्व में प्रचलित हो गया है। छठ पूजा सूर्य, ऊषा, प्रकृति, जल, वायु और उनकी बहन छठी मईया को समर्पित है। छठी मैया संतानों की रक्षा करती हैं और उन्हें दीर्घायु प्रदान करती हैं। पारिवारिक सुख-समृद्धि, मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए यह छठ महापर्व मनाया जाता हैं। इस मौके पर मनोज चौधरी, सुनील शर्मा, मंत्री प्रतिनिधि अजय राजपूत, नीरज गोयल आदि मौजूद रहे।
















