चीफ इंजीनियर ने सिटी और कविनगर जोन का किया निरीक्षण

गाजियाबाद। नगर निगम के मुख्य अभियंता एनके चौधरी ने शनिवार को सिटी और कविनगर जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों का जायजा लिया। संबंधित ठेकेदारों को यह कार्य गुणवत्ता पूर्ण तरीके से समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए। चीफ इंजीनियर ने कैला भट्टा में नगर निगम बालिका विद्यालय का भी दौरा किया। वहां जारी विकास कार्यों को देखा गया। मुख्य अभियंता एनके चौधरी शनिवार को नगर निगम के सिटी एवं कविनगर जोन में निर्माण कार्यों का जायजा लेने निकले।

सिटी एवं कविनगर जोन में नगर निगम द्वारा विभिन्न कार्य कराए जा रहे हैं। इन कार्यों की गुणवत्ता एवं समय से उन्हें पूर्ण कराने के मकसद से चीफ इंजीनियर ने निरीक्षण किया। स्थलीय निरीक्षण के दौरान उन्होंने मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खासकर ठेकेदारों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूरे कराए जाएं। किसी प्रकार की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

चीफ इंजीनियर ने कैला भट्टा जाकर नगर निगम के बालिका विद्यालय का भी भ्रमण किया। कुछ दिन पहले विद्यालय की दीवार गिरने की जानकारी सामने आई थी। ऐसे मे यहां कार्य कराया जा रहा है। चीफ इंजीनियर के साथ दौरे के समय अधिशासी अभियंता जैदी भी साथ रहे।