गाजियाबाद। हाउसिंग सोसायटी में लिफ्ट खराब होने और दस साल के बालक के 50 मिनट तक फंसे रहने का मामला प्रकाश में आया है। जान पर बन आने के कारण बालक काफी घबरा गया। गनीमत रही कि जान बच गई। इस घटना ने नाराज नागरिकों ने सोसाइटी के मेंटिनेंस कार्यालय पर जाकर जमकर हंगामा किया। पीड़ित पक्ष ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत की है। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हाउसिंग सोसाइटी में आए दिन लिफ्ट खराब होने और किसी न किसी के फंसने का मामला सामने आ रहा है।
ताजा मामला राजनगर एक्सटेंशन की केडब्ल्यू सृष्टि सोसाइटी से जुड़ा है। वहां लिफ्ट खराब होने से 10 साल का बालक फंस गया। लिफ्ट खराब होने और फंसने पर बालक ने इमरजेंसी अलार्म का बटन भी दबाया, मगर अलार्म ने काम नहीं किया। इंटरकॉम भी खराब पड़ा था। 50 मिनट बाद बालक को बाहर निकाला जा सका। इस घटना से नाराज नागरिकों ने हाउसिंग सोसाइटी के मेंटिनेंस कार्यालय पर जाकर हंगामा किया। आरोप है कि मेंटिनेंस नहीं होने से लिफ्ट अक्सर खराब होती रहती हैं। जी टावर के फ्लैट नंबर-506 निवासी गौरव शर्मा का बेटा इवान पांचवें फ्लोर से दोस्त से मिलने के लिए 12वें फ्लोर पर जा रहा था। इस दौरान 11वें फ्लोर पर लिफ्ट खराब हो गई, जिससे बच्चा लिफ्ट में अटक गया।
ऐसे में इवान बाहर निकलने का हरसंभव प्रयास करता रहा, मगर लिफ्ट नहीं खुली। शोर मचाने के बाद नागरिकों की सूचना पर मेंटिनेंस कर्मचारी ने जाकर लिफ्ट खोली। तदुपरांत बच्चे को लिफ्ट से बाहर निकाला गया। गौरव शर्मा ने इस संदर्भ में थाना नंदग्राम में शिकायत की है। गौरव का आरोप है कि शुल्क देने के बाद भी मेंटिनेंस नहीं कराया जाता, जिससे सोसाइटी में व्यवस्थाएं सुधर नहीं रही हैं। उधर, थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
















