आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को मिलेगी बेहतर सुविधा: इन्द्र विक्रम सिंह

-टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा तैयार आंगनबाड़ी केंद्र का डीएम व सीडीओ ने किया उद्घाटन

गाजियाबाद। रजापुर ब्लॉक के मोरटी में टाटा स्टील फाउंडेशन द्वारा तैयार किए गए शासन के नक्शे के अनुरूप आंगनबाड़ी केंद्र का शुक्रवार को जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह एवं सीडीओ अभिनव गोपाल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया। जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र का उद्घाटन करने के बाद वहां पर की गई व्यवस्थाओं से संतुष्ट होकर केंद्र के बच्चों से वार्ता भी की। इस कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी शशि वाष्र्णेय, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनीष मिश्रा, टाटा फाउंडेशन से सुमन टाटा एवं उनकी टीम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, केंद्र के प्रिंसिपल,अध्यापक, आईसीडीएस से सीडीपीओ शारदा सुपरवाइजर पूनम शर्मा,विनीता,रेखा रानी आंगनबाड़ी कार्यकत्री, सहायिका उपस्थित रहीं।

जिलाधिकारी ने दो बच्चों का अन्नप्रासन और दो महिलाओं की गोद भराई कराई। इस आंगनबाड़ी केंद्र पर रोजाना आने वाले तीन से छह वर्ष के लाभार्थी बच्चों के बैठने के लिए अत्यधिक लाभकारी केंद्र का निर्माण किया गया। इसमें रसोई घर,  भंडार गृह,शौचालय बच्चों के अनुरूप बनाया गया है। इसमें पेंटिंग भी इस तरह से की गई जो बच्चों को बिना किसी किताब,कॉपी-पेंसिल के पढ़ाया जा सकें। चित्रकारी रोचक होने के साथ-साथ बच्चे खेल में ही अधिक जानकारी हासिल कर पाएंगे। आंगनबाड़ी केंद्र प्राइमरी स्कूल के प्रांगण में स्थापित है। भविष्य में आंगनबाड़ी केंद्र की अनौपचारिक शिक्षा से प्राइमरी स्कूल की औपचारिक शिक्षा को ग्रहण करने में तारतम्यता बनी रहेगी।

आंगनबाड़ी केंद्र पर 3 से 6 वर्ष तक के  बच्चों को हॉट कुक्ड फूड कोलोकेटिड होने के कारण सफलतापूर्वक दिए जाने में सरलता रहेगी। केंद्र में समय-समय पर अन्नप्रासन, गोद भराई, मातृ बैठक का आयोजन भी किया जा सकेगा। जिलाधिकारी आंगनबाड़ी केंद्र के लिए भव्य तरीके से निर्माण से संतुष्ट हुए और आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों से वार्ता भी की। बच्चों ने फूल देकर जिलाधिकारी को सम्मान किया। बच्चों के गले में हाथ से बने हुए नेम टैग देखकर उनकी प्रशंसा की गई।